Moon eclipse 2026: साल 2026 का पहला चंद्र ग्रहण 3 मार्च को होली से ठीक एक दिन पहले पड़ने वाला है. होली से ठीक एक दिन पहले फाल्गुन माह की पूर्णिमा तिथि पर होलिका दहन के दिन साल का पहला चंद्र ग्रहण लगने वाला है. इस मौके पर मंदिरों के कपाट बंद रहेंगे. खाटूश्यामजी समेत प्रदेश के सभी मंदिरों में दर्शन बंद रहेंगे. 3 मार्च को मंगला आरती के बाद मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के भी पट बंद कर दिए जाएंगे.
करीब 14 से 20 मिनट तक रहेगा ग्रहण
चंद्रग्रहण दोपहर 3.20 बजे शुरू होगा, लेकिन उस दौरान चांद आसमान में नहीं होगा. भारत में चंद्रमा शाम करीब 6:26-6:32 बजे उदय होगा और तब से ग्रहण दिखाई देगा और शाम 6:46-6:47 बजे तक खत्म हो जाएगा. यानी भारत में ग्रहण सिर्फ 14-20 मिनट तक ही नजर आएगा.
इस वजह से कहा जाएगा ग्रस्तोदित चंद्रग्रहण
यह साल का पहला चंद्रग्रहण (ग्रस्तोदित चंद्रग्रहण) होगा. उज्जैन के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित अक्षत व्यास ने बताया कि इस ग्रहण का नाम "ग्रस्तोदित चंद्रगहण" इसलिए पड़ा, क्योंकि जब चंद्रमा उदय होगा, तब वह पहले से ही ग्रहण की स्थिति में होगा. यानी चांद निकलते ही ग्रहण लगा दिखेगा.
उन्होंने कहा, "चंद्रमा उदय के समय ही ग्रहण में होगा. यह सोमवार की संध्या पर पड़ रहा है, जिस वजह से इसे चूड़ामणि योग भी कहा जाता है. मान्यता है कि चूड़ामणि योग में दान-पुण्य करने से बहुत अधिक पुण्य मिलता है और आध्यात्मिक लाभ होता है."
यह भी पढ़ेंः बांधवगढ़ की 'राजकुमारी' अब मुकुंदरा की 'रानी', सरहद लांघकर कोटा पहुंची बाघिन; झामरा घाटी में गूंजी पहली दहाड़