"सरपंच तो शराब पीकर मस्त रहता है", मंत्री मदन दिलावर के गृह जिले में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

मदन दिलावर ने कोटा के रामराजपुरा और मानस गांव में सफाई-व्यवस्था का जायजा लिया. चारों तरफ गंदगी पसरी देख उन्होंने मौके से ही कॉल कर अधिकारी को फटकार लगाई. ग्रामीणों ने सरंपच के रवैये पर भी सवाल उठाया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर कोटा दौरे पर हैं.

शिक्षा और पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर आज (26 मई) कोटा में हैं. मंत्री दिलावर लाडपुरा पंचायत समिति के मानस गांव में पहुंचे. कैबिनेट मंत्री ने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया. अचानक पंचायती राज मंत्री को गांव में देखकर ग्रामीण हैरान रह गए. दिलावर ने कहा कि मैं आपके गांव की सफाई-व्यवस्था देखने आया हूं. जब उन्होंने पूछा कि पंचायतकर्मी रोज सफाई करने आते हैं तो गांववालों ने सरपंच की खूब शिकायत की. 

ग्रामीण बोले- सरंपच का विकास कार्यों पर ध्यान नहीं

ग्रामीणों ने कहा कि सफाई नहीं होती है. 5 साल हो गए हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद से हमने सरपंच की शक्ल नहीं देखी. सरपंच शराब पीकर घर पर ही मस्त रहता है, गांव के विकास की ओर उसका कोई ध्यान नहीं है?

Advertisement

जब पैदल घूमने निकले तो हर तरफ पसरा था कचरा

दिलावर ने पहले रामराजपुरा और उसके बाद मानस गांव का निरीक्षण किया. इसके बाद ग्रामीणों के साथ गांव की गलियों में भी घूमने निकले. नालियां जाम और आम रास्ते पर कचरा देखकर पूरी स्थिति समझ गए. ग्रामीणों ने बताया कि कचरा इकट्ठा करने के लिए 5 गांवों में महज एक ट्रैक्टर-ट्रॉली है. 

बीडीओ से भी पूछा सवाल

दोनों ही गांव में मानस गांव पंचायत के सरपंच नरेश मेघवाल के खिलाफ भारी गुस्सा देखने को मिला. दिलावर ने बीडीओ शैलेश रंजन को मौके से ही कॉल पर ही सवाल-जवाब किए. मामले में बीडीओ को जांच कर रिपोर्ट पेश करने के भी निर्देश दिए गए. साथ ही अतिरिक्त विकास अधिकारी और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर (स्वच्छ भारत मिशन) के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की.

यह भी पढ़ेंः सुरक्षा मांगने एसपी ऑफ‍िस गई लड़की को जबरन गाड़ी में उठा ले गए लोग, SP ने बताई पूरी कहानी