Rajasthan: मेड़ता में ज्वेलरी शोरूम को बदमाशों ने बनाया निशाना, जान बचाने के लिए सड़क पर दौड़ा मालिक; तोड़ा दम

नागौर जिले की प्रमुख स्वर्ण मंडी मेड़ता सिटी में मंगलवार देर रात ज्वेलरी शोरूम में घुसे दो हमलावरों ने चाकू और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दुकान मालिक पंकज सोनी की हत्या कर दी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
चाकू से हमला करते हुए बदमाश
NDTV

Nagaur News: नागौर जिले की प्रमुख स्वर्ण मंडी मेड़ता सिटी के ब्रह्मपुरी इलाके में मंगलवार देर रात मर्डर और जानलेवा हमले की एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे शहर को दहला कर रख दिया है. ज्वेलरी शोरूम में घुसे दो हमलावरों ने चाकू और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दुकान मालिक पंकज सोनी की हत्या कर दी, जबकि दो कारीगर गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 12:10 बजे की है. ब्रह्मपुरी मोहल्ले में उमा जैन के नाम से ज्वेलरी दुकान में पंकज सोनी अपने दो कारीगरों के साथ काम कर रहे थे. इसी दौरान  दो आरोपी अचानक दुकान में घुसे और थोड़ी देर ठहरने के बाद अंधाधुंध हाथ में लिए हथियारों से सभी पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया.

दुकान में घुसकर अचानक चाकू से किया मारना शुरू

हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल होने पर अपनी जान बचाने के लिए पंकज सोनी मदद के लिए लहूलुहान हालत में सड़क की ओर दौड़े, लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. वहीं हमले में घायल कारीगरों में से एक के सिर पर लोहे के औजार से गहरा वार किया गया है, जिसके उसके गहरी चोट आई थी. गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अजमेर रेफर किया गया है. वही दूसरे कारीगर का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है. 

मौके पर मिला हत्या का हथियार

घटना की सूचना मिलते ही मेड़ता सिटी पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के दौरान घटनास्थल से एक चाकू बरामद किया है. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में  हमले के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है.प्रारंभिक तौर पर लूट के इरादे या आपसी रंजिश -दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.

जांच में जुटी पुलिस

गौरतलब है कि मेड़ता सिटी सोने-चांदी के व्यापार का बड़ा बाजार माना जाता है, जहां अजमेर और जोधपुर के बाद बड़ी व्यापारिक गतिविधियां होती हैं.शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की घटना से व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. बता दें कि कुछ दिन पहले भी ज्वेलरी व्यापार से जुड़ी एक बड़ी घटना सामने आई थी, जिसके बाद अब सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: