Leopard Viral Video: राजस्थान में रिहायशी इलाकों में तेंदुओं की बढ़ती हलचल से लोग डरे हुए हैं. हाल ही में धौलपुर जिले के सरमथुरा उपखंड क्षेत्र इलाके में एक मादा तेंदुआ दिखने की खबर से प्रशासन अलर्ट पर है. यह घटना जिले के डोमई गांव के पास हुई जहां एक मादा तेंदुआ अपने शावक के साथ देखी गई. जिसका वीडियो रहागीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया. इस वीडियो के बाद इस इलाके में रहने वाले लोगों में डर है.
सड़क पर नन्हे शावक के साथ चहलकदमी करती दिखी मादा तेंदुआ
मादा तेंदुए का वीडियो बनाने वाले सरमथुरा के रहने वाले राजा तिवारी ने बताया कि वह सोमवार देर रात अपने परिवार के साथ मद्रयाल गांव से कार से लौट रहे थे. जैसे ही वह डोमई नदी के पास पहुंचे, उन्हें सड़क पर दो जानवर दिखे. जैसे ही कार की लाइट उन पर पड़ी, सड़क पर दिखे नजारे से उनकी सांसे अटक गई. वहां का नजारा डर और हैरानी से भरा था.
पहाड़ियों से निकला तेंदुए का कुनबा
दरअसल, एक मादा तेंदुआ अपने शावक के साथ छोटी पहाड़ियों से होते हुए डोमई नदी के पास के जंगलों की तरफ जा रही थी. तिवारी ने आगे बताया कि उन्होंने उस पर लाइट डाली जिससे मादा तेंदुआ थोड़ी देर रुकी, कार की तरफ देखा और फिर अपने रास्ते चली गई. उसके पीछे चल रहा नन्हा शावक, मां को आगे बढ़ता देख अपनी ही धुन में उसके पीछे चलता रहा.
नन्हे शावक के साथ मादा तेंदुआ का वायरल वीडियो
लाइट देखते ही जंगल में भागे
इसके बाद कार आगे बढ़ी और थोड़ा आगे जाकर फिर रुक गई. क्योंकि मादा तेंदुआ कार की आवाज और लाइट देखकर झाड़ियो से झांक रही थी और फिर मौका पाकर तेजी से अपने छोटे शावक के साथ सड़क से जंगल के दूसरे छोर की ओर भाग गई.
कैमरे में कैद रोमांचक पल
मादा तेंदुए के साथ इस लुका-छिपी के खेल की पूरी घटना कार ड्राइवर के मोबाइल में कैद हो गई. गौरतलब है कि करौली धौलपुर टाइगर रिजर्व सैंक्चुअरी में वन्यजीवों का कुनबा लगातार बढ़ रहा है. अक्सर जंगल के इलाके में बाघ, भालू, तेंदुआ और दूसरे जंगली जानवरों का मूवमेंट देखा जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Rajasthan Weather: राजस्थान में बारिश- ओलों से चौपट, जयपुर-अजमेर में बारिश के आसार; 15 जिलों में अलर्ट