Deeg News: कामां विधायक नौक्षम चौधरी इन दिनों अपने तेवर और विकास कार्यों को लेकर चर्चा में हैं. सोमवार को राजस्थान के डीग जिले की लुहेसर ग्राम पंचायत में 4 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण करते हुए विधायक ने न केवल क्षेत्र को सौगातें दीं, बल्कि अपराधियों को अंतिम चेतावनी भी जारी कर दी.
साइबर ठगों और गौ-तस्करों को चेतावनी
सभा को संबोधित करते हुए नौक्षम चौधरी (Nauksham Chaudhary) का अंदाज काफी आक्रामक रहा. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मेवात और डीग की धरती पर अब अपराध के लिए कोई जगह नहीं है. विधायक ने कहा, 'साइबर ठग और गौ-तस्कर कान खोलकर सुन लें. डीग की धरती पर अब अपराध नहीं चलेगा. अगर सबूत मिले या जाली सिमकार्ड बरामद हुए, तो अपराधियों को घरों से निकालकर सख्त कार्रवाई की जाएगी.'
गरीबों के लिए ढाल बनेंगी विधायक
जहां एक तरफ अपराधियों के लिए सख्ती थी, वहीं आम जनता के लिए विधायक का नरम और सुरक्षात्मक रुख दिखा. उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि किसी भी निर्दोष को पुलिस या प्रशासन द्वारा परेशान नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने वादा किया कि जो गरीब मजदूरी, गाड़ी या दुकान चलाकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं, उनके साथ कोई भी 'नाजायज' ज्यादती नहीं होगी.
'70 साल का हिसाब दे कांग्रेस'
राजनीतिक संवाद के दौरान नौक्षम चौधरी ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने दलित और मुस्लिम वोट बैंक का जिक्र करते हुए कहा कि दशकों तक कांग्रेस को वोट देने के बावजूद इन वर्गों का अपेक्षित विकास नहीं हुआ. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, 'अगर कोई यह कह दे कि हमने 70 साल कांग्रेस को वोट दिया और हमारा भला हुआ, तो मुझे लिखकर सिर्फ चार काम बता दीजिए.'
अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का वादा
विधायक ने लुहेसर में नवनिर्मित चार प्रमुख विकास कार्यों का लोकार्पण कर यह संदेश दिया कि क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने अंत में दोहराया कि 'अंत्योदय' के संकल्प के साथ सरकार की हर योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी व्यक्तिगत गारंटी है.
ये भी पढ़ें:- बारिश थमते ही तपने लगा राजस्थान, बाड़मेर का तापमान 47 डिग्री के पार