राजस्‍थान में मॉनसूनी बार‍िश का तांडव, 35 ज‍िलों में अलर्ट; जानें अगले दो द‍िन कैसा रहेगा मौसम 

मॉनसून की एंट्री होते ही जोरदार शुरू हुई बार‍िश थमने का नाम नहीं ले रही है. मौसम व‍िभाग ने एक और नया अलर्ट जारी कर द‍िया है. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
राजस्थान में मॉनसून की एंट्री के साथ जोरदार बारिश हुई.
NDTV Reporter

राजस्‍थान में मॉनसून सक्रिय है. बुधवार को प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में जमकर बारिश हुई. आज बारां, भरतपुर, डीग, धौलपुर, झालावाड़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा 30 अन्य जिलों में येलो अलर्ट है.  मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर (WML) आज उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के आसपास है.  इसके अगले 24 घंटों में उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है.  इस कारण आज कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से भारी व कहीं-कहीं अति भारी बारिश के साथ अन्य भागों में माध्यम वर्षा होने की प्रबल संभावना है.  

कल भरतपुर संभाग में अलर्ट 

10 जुलाई को केवल भरतपुर संभाग और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रहने और शेष अधिकांश भागों में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है. 11 जुलाई से आगामी एक सप्ताह राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी होगी.  केवल उत्तरी व पूर्वी भागों में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

Advertisement

करौली में 3 इंच से अधिक बारिश  

पिछले 24 घंटों में भरतपुर के बयाना और करौली के मंडलरायल में 3 इंच से ज्यादा बरसात हुई है. चित्तौड़गढ़ के भदेसर और निंबाहेड़ा में करीब 3 इंच तक बारिश रिकॉर्ड हुई. इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है.  जैसलमेर में सर्वाधिक तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया. हालांकि, श्रीगंगानगर में 40.5, बाड़मेर में 39.5, बीकानेर में 39.4, जोधपुर 38.2, फलोदी 39.2 के अलावा अन्य जिलों में तापमान 35 या इससे कम ही दर्ज हुआ. 

कोटा में जोरदार बारिश 

कोटा में बुधवार देर रात मौसम का मिजाज बदल गया. झमाझम बारिश हुई. शहरी इलाकों के साथ ग्रामीण इलाकों में भी बरसात से तापमान में गिरावट दर्ज हुई , जिससे गर्मी से मिली लोगों को राहत मिली. बारिश होने से जगह-जगह सड़कों पर पानी भर गया. जिससे लोगों परेशानी हुई. बारिश की वजह से शहर में जाम भी देखने को मिला. 

यह भी पढ़ें: राजस्थान में मीणा सड़कों पर उतरे तो दूध की सप्लाई अटकी, बस के पहिए थमे, अब गुर्जरों ने चक्का जाम की दी चेतावनी