राजस्थान में आंधी बारिश का दौर जारी है. मानसून के आगमन से पहले पूरे राज्य में जमकर बरसात हो रही है. 1 जुलाई तक आंधी बारिश का ये दौर जारी रहने वाला है. आज भी प्रदेश के 20 जिलों में बारिश का अलर्ट है. बात करें मानसून की तो प्रदेश में 30 जून से मानसून दस्तक दे सकता है. प्रदेश में शनिवार को भी कई इलाकों में जमकर बारिश हुई. उदयपुर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, बारां समेत कई जगहों पर खूब बरसात हुई. बांसवाड़ा के दानपुर में सर्वाधिक 72 मिमी बारिश दर्ज की गई.
बाकल नदी का जलस्तर बढ़ा
उदयपुर के गोगुंदा में बारिश के बाद बाकल नदी में पानी आ गया. कई नदी नाले उफान पर आ गए. राजधानी जयपुर में भी दो दिन की उमस गर्मी के बाद देर रात करीब 1 बजे हल्की बूंदाबांदी हुई. इससे आमजन को गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई.
बारिश का येलो अलर्ट
नागौर, डीडवाना-कुचामन, चूरू, ब्यावर, बूंदी, कोटा, झालावाड़, बारां, सवाई माधोपुर, दौसा, डीग तथा धौलपुर जिलों में बारिश का येलो अलर्ट है. कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन गरज-चमक के साथ अचानक तेज हवाएं 30-40 किमी-घंटा की रफ्तार से बारिश की संभावना है.
8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
जयपुर, टोंक, अजमेर, भीलवाड़ा, करौली, अलवर, भरतपुर तथा सीकर जिलों में ऑरेंज अलर्ट है. कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन गरज-चमक के साथ अचानक तेज हवाएं 40-60 किमी/घंटा तथा हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है.
पश्चिमी राजस्थान में बढ़ने लगा तापमान
पश्चिमी राजस्थान समेत कई जिलों में बारिश का दौर थमने और धूप निकलने से गर्मी का पारा चढ़ने लगा है. पिछले 24 घंटे में फलोदी में सर्वाधिक 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. बीकानेर में 43.2 डिग्री, जसमेर में 43, बाड़मेर में 42.9, श्रीगंगानगर में 42.8, चूरू में 42.2 तापमान दर्ज किया गया. कोटा, अलवर, जोधपुर, करौली, पाली में भी तापमान 40 डिग्री तक दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें: "सीएम भजनलाल शर्मा जल्द करेंगे राजनीतिक नियुक्तियों की घोषणा", मदन राठौड़ ने दिया बड़ा सियासी अपडेट