प्रदेश में मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ गया है. आज प्रदेश के किसी भी जिले के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. वहीं, सोमवार को प्रदेश में सिर्फ अलवर, कोटपूतली, सीकर और राजसमंद में बारिश दर्ज की गई. आज भी कुछ संभागों में हल्की बूंदाबांदी के अलावा बारिश के आसार नहीं है.
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, मानसून ट्रफ लाइन सोमवार को अपनी सामान्य स्थिति से खिसककर उत्तर भारत की ओर चली गई है. इसके चलते राजस्थान में अगले 4-5 दिन मानसून कमजोर रहने की संभावना है. हालांकि, 12 सितंबर से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होने और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है.
इस सीजन 24% कम बारिश
राजस्थान में इस मानसून सीजन अब तक सामान्य से 24 फीसदी कम बारिश हुई है. प्रदेश के केवल चार जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है. भरतपुर में सबसे ज्यादा बारिश हुई है. यहां 1 जून से 6 सितंबर तक सामान्य बारिश 481.7 MM रहती है, जबकि इस सीजन में अब तक 638.8 MM बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 33 फीसदी ज्यादा है. दौसा, धौलपुर और झुंझुनूं में भी सामान्य से 7 से 13 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है.
तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश
पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश राजसमंद के नाथद्वारा में हुई, जहां करीब 28 MM यानी एक इंच से ज्यादा पानी बरसा. इसके अलावा कोटपूतली, अलवर शहर और सीकर के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई. देर शाम श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में बादल छाने के साथ कई जगह हल्की बारिश और तेज हवाएं चलीं.
बारिश थमते ही 4 डिग्री तक बढ़ा तापमान
बारिश थमने और धूप निकलने के बाद सोमवार को कई शहरों के तापमान में बढ़ोतरी हुई. करौली, कोटा, प्रतापगढ़, फतेहपुर, अलवर, पिलानी, टोंक और भीलवाड़ा समेत कई शहरों में दिन का तापमान 4 डिग्री तक बढ़ गया. प्रदेश में सबसे अधिक तापमान फलोदी में 39°C दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें: रामदेवरा मेले से पहले एक बार फिर लगी आग, श्रद्धालुओं में मची अफरातफरी