सीकर में नीट की तैयारी करने वाले छात्रों को छात्रावास में पीटा, हॉस्‍टल संचालक ने बाउंसरों से प‍िटवाया

वीड‍ियो सोशल मीड‍िया पर वायरल हुआ तो परिजनों ने पुल‍िस से श‍िकायत की. पुल‍िस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पीड़ित छात्र के पिता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. (Photo- NDTV)

सीकर में नीट की तैयारी कर रहे दो छात्रों के साथ एक निजी हॉस्टल में कथित रूप से बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है. उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित पार्थ बॉयज हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने हॉस्टल संचालक, बाउंसरों और अन्य लोगों पर पीवीसी पाइप, डंडों और लात-घूंसों से हमला करने, जातिसूचक गालियां देने और परिजनों से संपर्क नहीं करने देने के आरोप लगाए हैं.

परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दोनों छात्रों के परिजन सीकर पहुंचे, और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़ित छात्र के पिता संजय कुमार बैरवा ने उद्योग नगर थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका बेटा पिछले करीब 2 सालों से सीकर में रहकर नीट की तैयारी कर रहा है, और पार्थ बॉयज हॉस्टल में रहता है.

Advertisement

26 जून को छात्रों की पिटाई की   

आरोप है कि 26 जून की रात विवाद के बाद हॉस्टल संचालक हेतराम, बाउंसर सुभाष, दिनेश, सूर्यवीर और दीपक सहित अन्य लोगों ने  छात्रों के साथ जमकर मारपीट की. छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल संचालक के रिश्तेदार के साथ कहासुनी के बाद बाउंसर बुलाकर हमला कराया गया. उसने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी जाति पूछी गई, और बैरवा बताने पर जातिसूचक शब्द कहे गए. शिकायत में एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की भी मांग की गई है. 

घायल छात्रों का इलाज तक नहीं कराया 

छात्रों का यह भी आरोप है कि उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए, और उन्हें परिजनों से बात नहीं करने दी गई. पीड़ितों के अनुसार, घटना के बाद उनका उपचार तक नहीं कराया गया. और अगले दिन सामान्य रूप से कोचिंग भेज दिया गया. बाद में एक साथी छात्र की मदद से चोरी-छिपे परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी गई. वीडियो वायरल होने के बाद परिजन सीकर पहुंचे, और पुलिस को वीडियो सहित अन्य साक्ष्य सौंपे.

पुलिस मामले की जांच में जुटी 

उद्योग नगर थाना पुलिस ने दोनों छात्रों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, पीड़ितों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. 

छात्र के परिजनों ने प्रदर्शन की चेतावनी दी 

मामले में निजी कोचिंग इंस्टिट्यूट के संचालक अमित कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि पार्थ बॉयज हॉस्टल का उनकी कोचिंग से कोई संबंध नहीं है. उनका कहना है कि मारपीट की घटना हॉस्टल परिसर में हुई है, और कोचिंग संस्था का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है. पीड़ित छात्रों के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: 32 साल बाद हकीकत बनने जा रहा राजस्थान का यमुना जल अधिकार, जानिए क‍िन ज‍िलों को होगा अध‍िक फायदा

Topics mentioned in this article