तस्वीर किसी की फेरे किसी और से, शादी के बाद ससुर पर नवविवाहिता से हैवानियत का आरोप

पोकरण के फलसूंड थाना क्षेत्र की एक पीड़िता के परिजन ने ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दी. पीड़िता की बहन का आरोप है कि विवाह के बाद ससुराल में उसकी बहन के साथ मारपीट की गई. विस्तार से पढ़ें गिरिराज छंगाणी की ये रिपोर्ट...

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फलसूंड थाना पुलिस (Photo- NDTV)

आपने बॉलीवुड फिल्म 'कोयला' तो देखी ही होगी, जिसमें एक क्रूर व्यक्ति राजा साहब (अमरीश पुरी) धोखे से गौरी (माधुरी दीक्षित) को अपने नौकर शंकर (शाहरुख खान) की तस्वीर दिखाकर रिश्ता तय करता है और खुद शादी कर लेता है. और शादी के बाद वह गौरी पर बेइंतहा अत्याचार करता है. ताजा मामला भी कुछ ऐसा ही है.

राजस्थान के जैसलमेर में एक युवक की तस्वीर दिखाकर युवती का रिश्ता तय किया गया, लेकिन शादी उसके बजाय एक युवक (मानसिक विक्षिप्त होने का दावा) से कर दी गई. विवाह के बाद युवती ने ससुराल में मारपीट और ससुर पर दुष्कर्म के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Advertisement

ससुर पर दुष्कर्म करने का आरोप

दरअसल, पोकरण के फलसूंड थाना क्षेत्र की एक पीड़िता के परिजन डीवाईएसपी कार्यालय पहुंचे. उन्होने ससुराल पक्ष के खिलाफ लिखित शिकायत दी. आरोप है कि विवाह के बाद ससुराल में उसकी बहन के साथ मारपीट की गई. वहीं ससुर दमाराम (ससूर) और रामूराम (रिश्ता तय कराने वाला) पर दुष्कर्म करने और घर की महिलाओं के साथ भी अमानवीय व्यवहार और अप्राकृतिक दुष्कर्म करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. परिजनों का कहना है कि पीड़िता की हालत बिगड़ने पर पहले उसे फलसूंड अस्पताल ले जाया गया, जहां से पोकरण जिला अस्पताल रेफर किया गया.

शिकायत पत्र में चौंकाने वाले खुलासे

शिकायत पत्र में लगाए गए आरोपों के अनुसार, शिकायतकर्ता दरिया देवी ने बताया है कि उनकी बहन का रिश्ता एक युवक की फोटो दिखाकर तय कराया गया था, लेकिन शादी के समय किसी दूसरे युवक से विवाह करा दिया गया. शिकायत में आरोप है कि जब परिवार को इस बात का पता चला और उन्होंने विरोध किया, तो ससुराल पक्ष ने दबाव बनाया. परिजनों का यह भी आरोप है कि पुलिस के सामने पूरी सच्चाई नहीं बताई गई और उन्हें धमकाकर मामला शांत कराने की कोशिश की गई. शिकायत में यह भी कहा गया है कि बाद में युवती को जबरन ससुराल ले जाया गया और परिवार वालों को उससे मिलने नहीं दिया गया.

शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद युवती के साथ मारपीट की गई। इसके अलावा ससुर और अन्य लोगों पर दुष्कर्म तथा अप्राकृतिक दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. शिकायतकर्ता का कहना है कि इन घटनाओं के कारण पीड़िता की तबीयत और मानसिक स्थिति बिगड़ गई. शिकायत में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

पीड़िता की बहन समेत अन्य परिजनों ने पोकरण सर्कल ऑफिसर बुधाराम विश्नोई को शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. मामले पर पोकरण डीवाईएसपी बुधाराम विश्नोई ने बताया कि शिकायत में शादी के बाद युवती के साथ जबरदस्ती और अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं. घटना बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा क्षेत्र के उण्डू इलाके की होने के कारण फलसूंड थाने में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच के लिए बाड़मेर जिला पुलिस को मामला भेज दिया गया है.

Advertisement

ये भी पढ़ें-  श्राद्ध पर भोज में नहीं खिलाया घी में बना मालपुआ, तो हुक्का-पानी कर दिया बंद