फलोदी जिले के देचू थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ में ट्यूबवेल पर एक किसान के घर में कुल चार लोगों की मौत का मामला सामने आया है. पुलिस को घर की छत के हुक पर एक व्यक्ति का शव लटका मिला, जबकि चारपाई पर एक महिला और दो बच्चों समेत तीन शव पड़े देखे गए. घटना को प्रथम दृष्टया आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है. पुलिस ने मृतकों की बॉडी को पोस्ट मार्टम के लिए हॉस्पिटल भिजवा दिया है.
फतेहगढ़ गांव में मिली चार लोगों की बॉडी
घटना की जानकारी देते हुए आईजी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि आज फलोदी के देचू थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ गांव में चार लोगों की बॉडी मिली थी, जिसमें गेनाराम, उसकी पत्नी पुष्पा, बेटा किशन ओर बेटी खुशबू की बॉडी शामिल है. घटना के बाद मौके पर SP भी पहुंचे, FSL टीम भी पहुंची, फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
फंदे पर लटका मिला किसान का शव
देचू थाना अधिकारी विक्रम सिंह के मुताबिक, फतेहगढ़ में किसान गेनाराम खेत पर मजदूरी करता था. उसका परिवार भी साथ रहता था. आज सुबह 8 बजे के करीब यहां पर बॉडी पड़े होने को लेकर सूचना मिली थी. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो गेनाराम फंदे पर लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी और उसकी बेटे और बेटी की बॉडी फर्श पर पड़ी मिली.
पत्नी और बच्चों की गला दबाकर हत्या
मृतकों की पहचान गेनाराम (35) उसकी पत्नी पुष्पा (32), बेटी खुशबू (13) बेटा किशन (10) वर्ष के तौर पर हुई. जांच की शुरुआत में पुलिस का मानना है कि गेनाराम ने पहले तीनों का गला दबाकर हत्या की, उसके बाद खुद फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया. हालांकि पुलिस अन्य कारणों से भी जांच कर रही है.
क्या पत्नी पर था भूत प्रेत का साया?
जानकारी के मुताबिक मृतक गेनाराम की पत्नी का मानसिक संतुलन भी बीते कुछ दिनों से ठीक नहीं था. इसी को लेकर उसे एक भोपा (पुजारी ) के पास भी परिवार लेकर गया था. बताया जा रहा है कि उस पर कोई भूत प्रेत का साया था, हालांकि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से ऐसा नहीं माना जाता है. संभवतः इसी के चलते वह परेशान था और ऐसे में उसने पत्नी और अपने बच्चों का गला दबाया, जिससे उनकी मौत हो गई बाद में खुद ने ही फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया. घटना की सूचना मिलने के बाद FSL टीम (वैज्ञानिक और तकनीकी जांच टीम ) को भी बुलाया गया. फिलहाल पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- "जेल में घुसकर भी मारना जानता हूं", डकैत जगन गुर्जर की हत्या के बाद बेटे आसाराम का धरना, बदला लेने की कही बात