सीकर जिले के नीमकाथाना में सोशल मीडिया पर रील बनाकर वायरल होने का शौक एक युवक को महंगा पड़ गया. सरकारी कार्यालयों के बाहर फिल्मी डायलॉग और बाइक स्टंट के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले युवक को नीमकाथाना कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की बात कही है.
क्या था पूरा मामला
दरअसल यह पूरा मामला नीमकाथाना तहसील कार्यालय का है, जहां एक युवक ने नायब तहसीलदार कार्यालय के बाहर फिल्मी डायलॉग के साथ रील बनाई थी और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नीमकाथाना तहसीलदार देवीलाल चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नीमकाथाना कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार आरोपी सिरोही निवासी मुकेश कुमार यादव है, जो सोशल मीडिया पर 'खतरनाक खिलाड़ी' नाम से सोशल मीडिया आईडी चलाता है. उसके कई वीडियो सरकारी कार्यालयों के बाहर बनाए गए थे. इसके अलावा वह बाइक पर स्टंट करते हुए भी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करता था.
नीमकाथाना कोतवाली थाना अधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली थी कि युवक सरकारी कार्यालयों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहा है. शिकायत के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह केवल वायरल होने और मौज-मस्ती के उद्देश्य से ऐसे वीडियो बनाता था.
सीकर में सरकारी कार्यालयों के बाहर रील बनाने वाला युवक गिरफ्तार
Photo Credit: NDTV
फिलहाल गिरफ्तारी के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह हाथ जोड़कर माफी मांग रहा है. वीडियो में उसने कहा कि वह भविष्य में कभी भी सरकारी कार्यालयों के बाहर रील नहीं बनाएगा और न ही बाइक स्टंट के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालेगा.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यालयों की गरिमा को नुकसान पहुंचाने या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसके साथ ही युवाओं से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए नियमों और कानून का उल्लंघन न करें। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- जैसलमेर का रामदेवरा इतिहास रचने को तैयार, हवा में लटकी 18000 स्क्वायर फीट की धर्मशाला