कोटा शहर के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में धार्मिक भावनाएं भड़काने और सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं का शोषण करने का मामला सामने आया है. एक युवक के मोबाइल फोन से धार्मिक प्रतीक चिन्हों के साथ महिलाओं के अश्लील फोटो और वीडियो मिलने के बाद हड़कंप मच गया. मामले की जानकारी सामने आने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विज्ञान नगर थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद मनीष शर्मा उर्फ मोईन खान नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया है और जांच की जा रही है.
बजरंग दल के पदाधिकारी योगेश रेनवाल ने आरोप लगाया कि विज्ञान नगर निवासी एक युवक पिछले कई वर्षों से सोशल मीडिया के माध्यम से धर्म विशेष की युवतियों और महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था. आरोप है कि युवक महिलाओं पर धार्मिक प्रतीकों के साथ अश्लील फोटो और वीडियो बनाने का दबाव बनाता था. इन आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरों को विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप्स में साझा करने के भी आरोप लगाए गए हैं. मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और संगठनों में आक्रोश व्याप्त हो गया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है.
बहुत अधिक संख्या में हैं तस्वीरें और वीडियो
इस पूरे मामले की जांच कर रहे उद्योग नगर थाने के जांच अधिकारी मांगेलाल ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि आरोपी के मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो फोटो मिले हैं और मोबाइल को एफएसएल के लिए भेजा गया है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी मनीष शर्मा ने अश्लील ग्रुप में जुड़ने के लिए अपना नाम मोईन खान रख लिया था.
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं. देश विरोधी गतिविधियों एवं धर्मांतरण के संबंध में फिलहाल अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी लेकिन इस पूरे मामले में गहनता से जांच की जा रही है.
जांच अधिकारी मांगेलाल ने कहा कि वीडियो और तस्वीरों की संख्या अत्यधिक है. आरोपी ने जिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह सक्रिय था उनकी भी जांच की जा रही है. साथ ही, जिन सोशल मीडिया ग्रुप में वह शामिल था उनका कनेक्शन पाकिस्तान से है या नहीं इस बारे में भी फिलहाल जांच की जा रही है.
प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन
कोटा में बजरंग दल के पदाधिकारी योगेश रेनवाल ने बताया कि इस संबंध में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भी भेजा गया है. इसमें आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए हिंदू नाबालिग बालिकाओं और महिलाओं को निशाना बनाकर धर्मांतरण तथा आपत्तिजनक कृत्य करवाने की साजिश रची.
ज्ञापन में दावा किया गया है कि आरोपी कई वर्षों से पाकिस्तानी संगठनों और सोशल मीडिया नेटवर्क के संपर्क में था तथा इनके माध्यम से हिंदू विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था. उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए केंद्र सरकार से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, पूरे नेटवर्क की जांच और पीड़िताओं को न्याय दिलाने की मांग की है.
ये भी पढ़ें-: जयपुर में मोहर्रम पर पुलिस अलर्ट, 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात; ड्रोन से होगी निगरानी