श्री गंगानगर में पुल‍िस की जीप में कार ने मारी टक्‍कर, मह‍िला थाना प्रभारी ज्‍योत‍ि नायक की मौत 

पुल‍िसकर्मी रात में गश्‍त पर न‍िकले थे, तभी पुल‍िस की जीप में एक कार ने टक्‍कर मार दी. हादसे में थाना प्रभारी ज्‍योत‍ि नायक घायल हो गईं. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
श्री गंगानगर में सड़क हादसे में महिला थाना प्रभारी ज्योति नायक की मौत हो गई.

श्रीगंगानगर में आज सुबह पुलिस महकमे से बेहद दुखद खबर सामने आई है. शहर के दुर्गा मंदिर क्षेत्र में सुबह करीब 5 बजे गश्त के दौरान एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें महिला थाना प्रभारी सीआई ज्योति नायक की मौत हो गई. ज्योति नायक की जीप को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे उनके सिर में गहरी चोट आई और उनकी मौत हो गई. 

गश्त पर थीं महिला थाना प्रभारी 

श्रीगंगानगर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि महिला थाना प्रभारी ज्योति नायक मंगलवार देर रात गश्त पर थीं. गश्त के दौरान जैसे ही उनकी पुलिस जीप दुर्गा मंदिर क्षेत्र में पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी. हादसे में ज्योति नायक के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे काफी खून बहने लगा. 

जीप चालक और कार चालक भी हुए घायल

घायल ज्योति नायक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस जीप का चालक भी इस हादसे में घायल हो गया है. इसके अलावा कार चालक को भी चोटें आई हैं. पुलिस के अनुसार, कार चालक खाजूवाला क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. 

पुलिस अधिकारी पहुंचे जिला अस्पताल 

घटना की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. अमृता दुहान सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे, और घटना की जानकारी ली. पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. इस हादसे से पुलिस महकमे सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, इससे पहले ज्योति नायक ने पुरानी आबादी थाना और ट्रैफिक पुलिस थाना की जिम्मेदारी भी संभाली थीं. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: दिहाड़ी मजदूरों की बढ़ेगी न्यूनतम मजदूरी, राजस्थान हाई कोर्ट ने दिया सरकार को आदेश