पुष्कर घाटी में फॉर्च्यूनर का तांडव, एक के बाद एक 3 बाइकों को रौंदा; कार की तलाशी में पुलिस भी रह गई हैरान

इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. दुर्घटना के बाद कार खाई की तरफ आधी लटकी हुई है, जिसकी तलाशी में पुलिस के हाथ कुछ अहम सबूत लगे हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
दुर्घटना के बाद कार खाई की तरफ आधी लटकी हुई है.
NDTV Reporter

Rajasthan News: पुष्कर से अजमेर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने सोमवार रात करीब 9:45 बजे पुष्कर घाटी के मोड़ पर भीषण कहर बरपाया. चश्मदीदों के अनुसार, अनियंत्रित कार ने एक के बाद एक तीन बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया और बाइक सवारों को दूर तक घसीटती चली गई. इस दर्दनाक हादसे में अजमेर के धोलाभाटा निवासी रवि कुमार, पुत्र किशन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अजमेर के जेएलएन (JLN) अस्पताल में भर्ती कराया गया. दुर्घटना के बाद कार सवार लोग वाहन को मौके पर ही छोड़कर पहाड़ी की तरफ भाग निकले. सूचना पर पहुंची पुलिस को फॉर्च्यूनर के भीतर से भारी मात्रा में शराब की बोतलें बरामद हुई हैं.

साले की मौत, तीन लोग अस्पताल में गंभीर

सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को ही हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस के अनुसार, अजमेर के नगरा निवासी जितेंद्र उर्फ सोनू अपने साले रवि कुमार के साथ बाइक पर पुष्कर जा रहे थे. इसी दौरान शास्त्री नगर निवासी रोहित भी अपने चाचा मधुसूदन वैष्णव के साथ दूसरी बाइक पर उसी मार्ग से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रही फॉर्च्यूनर ने इन्हें रौंद दिया. हादसे के बाद पुष्कर घाटी मार्ग की दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम लग गया, जिसे पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से खुलवाया.

Advertisement

सीओ ग्रामीण बोले- हर एंगल से होगी सख्त जांच

हादसे को लेकर स्थानीय लोगों और घायलों के परिजनों में भारी नाराजगी है. सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर कार को जब्त कर लिया है और मामले की हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है. पुलिस अब गाड़ी के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाने और हादसे के वक्त कार कौन चला रहा था, उसकी पहचान करने में जुटी है. कार से मिली शराब की बोतलों को लेकर भी अलग से तफ्तीश की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें:- 'मर गई तो कोई धारा नहीं बनती...', गैंगरेप पीड़िता को 'झूठा' बताने वाले थाना अधिकारी का ऑडियो वायरल