पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, जानिए राहुल गांधी ने राष्ट्रव्यापी अभियान के लिए कोटा को क्यों चुना

कांग्रेस ने युवा वोट बैंक को साधने के लिए 17 जून से देशव्यापी अभियान का ऐलान किया है. पेपर लीक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की शुरुआत कोटा से होगी. जानिए इसके सियासी मायने.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राहुल गांधी 17 जून को कोटा आएंगे.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जून को राजस्थान के कोटा में आयोजित छात्र सम्मेलन में शामिल होंगे. इसी सम्मेलन के साथ कांग्रेस पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और बेरोजगारी के मुद्दे पर अपने देशव्यापी छात्र और युवा अभियान की शुरुआत करेगी. खास बात यह है कि राहुल गांधी दो सप्ताह के भीतर दूसरी बार राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं. इससे पहले वे 1 जून को अजमेर जिले के पुष्कर में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे.

राजस्थान पर राहुल गांधी का फोकस

पुष्कर का वह दौरा कांग्रेस संगठन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना गया था. किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने सार्वजनिक रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की कार्यशैली की सराहना की थी. उन्होंने कहा था कि राजस्थान में कांग्रेस संगठन जिस तरह एकजुट होकर काम कर रहा है, वह दूसरे राज्यों के लिए भी एक मॉडल है. राहुल गांधी के इस बयान को पार्टी के भीतर बड़ा संदेश माना गया था.

Advertisement

कोटा को चुनने के पीछे की वजह जानिए

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस के अपने राष्ट्रीय प्रतिरोध अभियान की शुरुआत राजस्थान से करने के पीछे यही संगठनात्मक मजबूती भी एक बड़ी वजह है. पार्टी नेतृत्व को भरोसा है कि राजस्थान में संगठनात्मक ढांचा मजबूत है और बड़े स्तर के कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं, छात्रों और आम लोगों की अच्छी भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है. यही कारण है कि कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अभियान के लिए राजस्थान का चयन किया है.

कोटा को चुनने के पीछे भी रणनीतिक कारण हैं. कोटा देश का सबसे बड़ा कोचिंग हब माना जाता है जहां हर साल लाखों छात्र मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए पहुंचते हैं. NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े अभ्यर्थियों का यह सबसे बड़ा केंद्र है. ऐसे में पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता के मुद्दे को उठाने के लिए कोटा कांग्रेस को सबसे उपयुक्त मंच लगता है. 

कांग्रेस तलाश रही नया नैरेटिव 

कांग्रेस यह भी मानती है कि नीट पेपर लीक के मामले के तार राजस्थान से जुड़े रहे हैं. ऐसे में कोटा में जून को होने वाले सम्मेलन में राहुल गांधी छात्रों से सीधे संवाद करेंगे. कांग्रेस का कहना है कि यह अभियान केवल NEET पेपर लीक तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं के भविष्य, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और शिक्षा व्यवस्था में सुधार जैसे व्यापक मुद्दों को लेकर देशव्यापी आंदोलन का रूप लेगा. ऐसे में कोटा का यह सम्मेलन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कांग्रेस के नए युवा नैरेटिव और राष्ट्रीय प्रतिरोध अभियान की शुरुआत माना जा रहा है.