रिश्वतकांड में रेलवे के 5 अफसर समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, जयपुर-बीकानेर में सीबीआई का बड़ा एक्शन

सीबीआई ने 13 अगस्त को केस दर्ज किया था. जयपुर से 1.46 लाख रुपये और बीकानेर से 1.20 लाख रुपये की रिश्वत की बरामदगी हुई है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
रिश्वतकांड मामले में जयपुर-बीकानेर में सीबीआई एक्शन.

निजी कंपनियों के बिल पास करने के बदले रिश्वत लेने के दो मामलों में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कार्रवाई की. सीबीआई ने उत्तर-पश्चिम रेलवे के 5 अधिकारियों समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है. जयपुर और बीकानेर में कार्रवाई के दौरान आरोपियों से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई है. जयपुर में रेलवे का एक अधिकारी और निजी कंपनी का कर्मचारी 1.46 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया. आरोप है कि निजी कंपनी से मिले बिलों के भुगतान के बदले रिश्वत की मांग की गई थी.

तलाशी के दौरान मिले 9 लाख रुपये कैश

मामले में जयपुर स्थित रेलवे कार्यालय में पदस्थ ऑफिसर सुपरिंटेंडेंट असिस्टेंट और निजी कंपनी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया. सीबीआई ने कार्रवाई के दौरान तलाशी भी ली. तलाशी में करीब 9 लाख रुपये नकद, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिलने की बात सामने आई है.

Advertisement

बीकानेर में 48 करोड़ का बिल पास करने के बदले 1.20 लाख रुपये

दूसरी कार्रवाई बीकानेर में हुई. यहां करीब 48 करोड़ रुपये के बिल को पास करने के बदले 1.20 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में रेलवे के तीन अधिकारियों और एक निजी कंपनी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया. सीबीआई के अनुसार, आरोपियों में रेलवे के सीनियर सेक्शन ऑफिसर राजेंद्र चौधरी, लेखा सहायक राकेश कुमार और एमआरटी सिग्नल्स लिमिटेड के कर्मचारी नवल किशोर समेत अन्य लोग शामिल हैं.

13 अगस्त को दर्ज किए गए थे दोनों मामले

सीबीआई ने दोनों मामलों में 13 अगस्त को केस दर्ज किया था. जांच के दौरान रेलवे अधिकारियों और निजी कंपनियों के कर्मचारियों के बीच कथित रिश्वत लेन-देन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वतखोरी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और निजी कंपनियों के बिलों के भुगतान में किस स्तर पर अनियमितताएं हुईं.

यह भी पढ़ेंः तिरंगा फहराने की वजह से जेल गए रामनारायण, पिता ने लड़ी आजादी की लड़ाई, वैद्य मघाराम के परिवार का किस्सा है खास