Weather Update: राजस्थान में बारिश का दौर जारी है. कोटा में भी मौसम ने अचानक करवट ली, और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई. दिनभर की उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बारिश के बाद बड़ी राहत मिली. तेज हवाओं के कारण छावनी क्षेत्र में एक पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से कई बाइकें दब गईं. हालांकि, घटना के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई. जैसलमेर के रामगढ़ गांव में धूल भरी आंधी के बाद में बारिश हुई. रामगढ़ और चांधन में आंधी तूफान आया. चांधन में 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चली.
शहर सहित जॉयण, पोलजी डेयरी,भू,भोपा सहित आस पास के गांवों में रेत का गुब्बार उठा, जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया. धूल भरी आंधी जैसलमेर में अंधेरा छा गया और बिजली गुल हो गई.
सीकर में अचानक बदला मौसम
सीकर की बात करें तो मंगलवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और आसमान में काले बादल छा गए. तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया. सीकर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में करीब 10 से 15 मिनट तक तेज बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी बहने लगा. बारिश के चलते पूरे दिन की उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को हल्की राहत मिली.
डीडवाना में गिरे ओले
डीडवाना के कुचामन सिटी में बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी. दोपहर बाद अचानक आई तेज आंधी के बाद बादलों ने जमकर पानी बरसाया. इस बारिश से जहां मौसम खुशनुमा हो गया वहीं तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. इसके बाद करीब साढ़े तीन बजे अचानक तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई और कई इलाकों में ओले भी गिरे.
कोटा में मंगलवार शाम जोरदार बारिश हुई.
चूरू में 29MM हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, चूरू में 29 मिलीमीटर (MM) बारिश रिकॉर्ड की गई. झुंझुनू में 9MM, बीकानेर में 3.8MM और हनुमानगढ़ के संगरिया में 3.5MM वर्षा दर्ज की गई. विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सुबह 8.30 बजे तक झुंझुनूं जिले के पिलानी में सर्वाधिक 50.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई. राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस फलौदी में दर्ज किया गया, वहीं सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस जोधपुर और बीकानेर में दर्ज हुआ. सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस पिलानी में दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें: 'राजस्थान में विभागों के HOD मंत्रियों के फोन नहीं उठाते' गहलोत का निशाना- सरकार नाम की कोई चीज नहीं