राजस्थान में बारिश थमने से गर्मी और उसम बढ़ गई है. मौसम विभाग ने कहा है कि राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में आगामी कुछ दिन बारिश की गतिविधियों में कमी रहेगी, हालांकि 20 अगस्त से कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के अधिकतर भागों में आगामी 2-3 दिन बारिश के गतिविधियों में कमी रहने की संभावना है. हालांकि पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
जयपुर संभाग में हल्की बारिश का अनुमान
इसके अनुसार, 20 से 23 अगस्त के दौरान पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने व शेष भागों में कमजोर बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है.
4-5 दिन कमजोर रहेगा मानसून
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकतर भागों में आगामी 4-5 दिन कमजोर मानसून परिस्थितियां रहेंगी, और ज्यादातर भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा. बीकानेर संभाग के उत्तरी भागों और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में 20 से 22 अगस्त के दौरान हल्की मध्यम बारिश हो सकती है.
प्रतापगढ़ में 21 मिलीमीटर बरिश
मंगलवार सुबह तक बीते चौबीस घंटों के दौरान राज्य के दौसा, करौली, सवाईमाधोपुर, बारां, कोटा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, सलुम्बर, उदयपुर व सिरोही जिलों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई. सबसे अधिक 21 मिलीमीटर बारिश अरनोद (प्रतापगढ़) में दर्ज की गई.
यह भी पढ़ें: "महात्मा गांधी की हत्या नहीं होती तो...", राजस्थान के मंत्री का बापू की हत्या पर विवादित बयान