Rajasthan: अभिषेक हत्याकांड विधानसभा में गूंजा, विधायक अमित चाचाण ने उठाया स्थगन प्रस्ताव

विधायक अमित चाचाण ने कहा कि 12 वर्षीय बालक की हत्या का खुलासा नहीं होने से नागरिकों में भय और डर का माहौल है. आमजन का पुलिस के इकबाल पर से विश्वास उठता जा रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Bhadara News: भादरा तहसील के नेठराना गांव में 12 वर्षीय बालक अभिषेक शर्मा की हत्या का मामला अब विधानसभा तक पहुंच गया है. सोमवार को नोहर विधायक अमित चाचाण ने स्थगन प्रस्ताव के जरिए इस संवेदनशील प्रकरण को सदन में जोरदार तरीके से उठाया.

विधायक ने कहा कि मासूम बालक की हत्या को एक सप्ताह बीत चुका है लेकिन पुलिस अब तक हत्यारे को पकड़ने में असफल रही है. उन्होंने सदन में कहा कि पूरे क्षेत्र में पुलिस के प्रति रोष लगातार बढ़ रहा है और आमजन में असुरक्षा की भावना घर करती जा रही है. क्षेत्र के लोग धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं, लेकिन पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं.

Advertisement

12 वर्षीय बालक की हत्या का खुलासा नहीं हुआ 

विधायक अमित चाचाण ने कहा कि 12 वर्षीय बालक की हत्या का खुलासा नहीं होने से नागरिकों में भय और डर का माहौल है. आमजन का पुलिस के इकबाल पर से विश्वास उठता जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अभिषेक शर्मा की हत्या गला घोंटकर किए जाने की पुष्टि हो चुकी है, इसके बावजूद पुलिस अब तक मामले का पर्दाफाश नहीं कर पाई है.

''मामले में विशेष जांच टीम का गठन किया जाए''

उन्होंने सदन में मांग की कि इस मामले में विशेष जांच टीम का गठन किया जाए और बालक अभिषेक के हत्यारों को अतिशीघ्र गिरफ्तार किया जाए. विधायक ने यह भी कहा कि नोहर क्षेत्र के बहुचर्चित चक राजासर हत्याकांड और जसाना के पवन व्यास हत्याकांड का भी आज तक खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

क्या है मामला ? 

गौरतलब है कि भादरा तहसील के नेठराना गांव में 12 वर्षीय अभिषेक शर्मा का शव 10 फरवरी को गांव के एक कुएं में मिला था. इस संबंध में गोगामेड़ी पुलिस थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. नेठराना गांव के ग्रामीण कई बार गोगामेड़ी थाने के बाहर प्रदर्शन कर मामले के शीघ्र खुलासे की मांग कर चुके हैं.