2 months ago

राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में आज की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ सुबह 11 बजे शुरू हो गई. आज उपमुख्यमंत्री डॉ. पीसी बैरवा से संबंधित विभागों के अलावा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, राजस्व विभाग, नगरीय विकास विभाग और ऊर्जा विभाग से जुड़े मुद्दों पर सवाल-जवाब होंगे. साथ ही आज आज से अनुदान की मांगों पर चर्चा शुरू हुई. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की अनुदान मांगों पर बहस के बाद इन मांगों को पारित किया जाना है.

मंगलवार, 17 फरवरी को विधानसभा में उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बजट पर सरकार की ओर से जवाब पेश किया. इससे पहले नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने  बजट की जमकर आलोचना करते हुए सदन को घेरा. लेकिन, कल विधानसभा की कार्यवाही में अभूतपूर्व हंगामा हुआ जिसकी वजह से कई बार सदन को स्थगित करना पड़ा. कल बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य ने गाय को 'राज्य माता' का दर्जा देने वाली मांग उठाई जिसके बाद हंगामा इतना बढ़ गया कि बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा में हाथापाई की नौबत तक आ गई. बाद में गोपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर इस घटना पर खेद जताते हुए माफी मांगी.

विधानसभा की मंगलवार की कार्यवाही के बारे में विस्तार से आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

Diya Kumari Speech Highlights: दिया कुमारी विधानभा में बजट पर दिया विपक्ष को जवाब, सुझाव पर किये नई योजनाओं का ऐलान

देखिए NDTV Rajasthan का LIVE टीवी प्रसारण

LIVE TV देखें

Feb 18, 2026 21:24 (IST)

Rajasthan Budget Session 2026 LIVE: रविंद्र भाटी ने पाक विस्थापितों के स्थायी समाधान की मांग की

निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने राज्य सरकार से मांग की है कि पाक विस्थापितों के विषय पर केंद्र सरकार से बातचीत कर स्थायी समाधान का रास्ता निकाले. साथ ही लंबे समय से बंद पड़ी Thar Express को दोबारा शुरू करने की मांग भी की है.

भाटी ने कहा कि सीमा पार से आने वाले हिंदू परिवार वर्षों से नागरिकता, पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. ऐसे में राज्य सरकार को मानवीय आधार पर पहल करते हुए केंद्र से समन्वय कर समाधान करना चाहिए. उन्होंने कहा कि बॉर्डर पर पहले की तरह पैदल आवाजाही की व्यवस्था बहाल की जाए ताकि दोनों ओर बसे परिवारों के बीच संपर्क बना रह सके.

उन्होंने कहा कि थार एक्सप्रेस केवल एक रेल सेवा नहीं थी, बल्कि विभाजित परिवारों को जोड़ने वाली भावनात्मक कड़ी थी. इसके पुनः संचालन से मानवीय और सामाजिक संबंध मजबूत होंगे.

Feb 18, 2026 19:17 (IST)

Rajasthan Budget Session 2026 LIVE: देवनानी का निर्देश- केवल चर्चा नहीं मंत्री का जवाब भी सुनना जिम्मेदारी

राजस्थान विधानसभा में कार्यवाही के दौरान अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने को लेकर स्पीकर वासुदेव देवनानी ने आसान से निर्देश जारी किए. उन्होंने साफ कहा कि जिन विधायकों का नाम चर्चा के लिए तय होता है, उन्हें मंत्री के जवाब तक सदन में मौजूद रहना जरूरी होगा. देवनानी ने कहा कि चर्चा सिर्फ अपनी बात कहने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि मंत्री का जवाब सुनना भी हर सदस्य की जिम्मेदारी है. जनता ने प्रतिनिधियों को चुनकर सदन में भेजा है, इसलिए सीमित कार्य दिवसों में सभी को सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि कई बार कोरम की स्थिति बन जाती है, जिससे कार्यवाही में बाधा आती है. खासकर जिन सदस्यों का नाम चर्चा में शामिल है, उनकी मौजूदगी अनिवार्य रहे.

Advertisement
Feb 18, 2026 19:13 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha Budget Session 2026 LIVE: राजस्थान विधानसभा में गूंजा SMS में पानी भरने का मुद्दा

राजस्थान विधानसभा में चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर बहस देखने को मिली. कांग्रेस विधायक रफीक खान ने सदन में कहा कि Sawai Man Singh Hospital के ऑपरेशन थिएटर में पानी भर गया है.

रफीक खान ने कहा कि राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल की यह स्थिति बेहद चिंताजनक है. उन्होंने चिकित्सा मंत्री से कहा कि वे तुरंत सदन से अस्पताल जाएं और हालात का जायजा लें ताकि इस अस्पताल को बचाया जा सके. विधायक ने कहा कि अगर ऑपरेशन थिएटर जैसी संवेदनशील जगह पर पानी भर रहा है तो यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि मरीजों की जान से खिलवाड़ है. उन्होंने सरकार से जवाब मांगा कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों बनी और जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई की जाएगी.

Feb 18, 2026 18:21 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha Budget Session 2026 LIVE: सवाई मानसिंह अस्पताल पर विधानसभा में घमासान

विधानसभा में चिकित्सा विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान एसएमएस अस्पताल की व्यवस्थाओं का मुद्दा उठा.  फतेहपुर से कांग्रेस विधायक हाकम अली खान ने अस्पताल में बिना पैसे इलाज नहीं होने का आरोप लगाया.  विधायक ने कहा कि रात में मरीज को लेकर पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने काम का हवाला देकर ध्यान नहीं दिया,  मजबूरन मरीज को निजी अस्पताल में भर्ती कराने जाना पड़ा 

हाकम अली खान ने कहा,"गरीब मरीज ही एसएमएस अस्पताल आता है, अगर वहां भी पैसे लगेंगे तो गरीब कहां जाएगा. "

हालांकि भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने आरोपों को मिथ्या और तथ्यहीन बताया. आचार्य ने कहा एसएमएस अस्पताल प्रदेश का सबसे बड़ा और सुदृढ़ अस्पताल है. उन्होंने दावा किया कि राजस्थान ही नहीं अन्य राज्यों के मरीजों का भी यहां इलाज होता है.

Feb 18, 2026 17:53 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha Budget Session 2026 LIVE: डॉक्टरों से 5 साल का बॉण्ड भरवाने की मांग

राजस्थान विधानसभा में अनुदान की मांगों पर चर्चा के दौरान चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर बहस के दौरान गांवों में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठाया गया. इस दौरान कुछ सुझाव दिए गए. विस्तार से पूरी रिपोर्ट नीचे दिए गए लिंक पर पढ़ें - 

"राजस्थान में डॉक्टरों से 5 साल का बॉण्ड भरवाएं", स्वास्थ्य व्यवस्था पर बीजेपी विधायकों ने की भजनलाल सरकार से बड़ी मांग

Feb 18, 2026 16:35 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha Budget Session 2026 LIVE: RUHS का नाम भैरों सिंह शेखावत पर करने की मांग

विधायक और पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ ने चिकित्सा विभाग की अनुदान मांग पर चर्चा के दौरान RUHS का नाम स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत के नाम पर करने की मांग उठाई. उन्होंने कहा, " उदयपुर में मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी है. ऐसे ही तीन बार के मुख्यमंत्री और उपराष्ट्रपति रहे भैंरोसिंह शेखावत के नाम पर RUHS का नाम किया जाए. प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले शेखावत के सम्मान के लिए RUHS का नाम भैंरो सिंह शेखावत स्टेट हेल्थ यूनिवर्सिटी कर दिया जाए, तो आपकी वाह वाही होगी और सम्मान देना चाहते हैं सम्मान पूरा कर पाएंगे."

Advertisement
Feb 18, 2026 16:21 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha Budget Session 2026 LIVE: अनीता भदेल का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोलीं- पहले नहीं दिखा

अजमेर दक्षिण से बीजेपी की विधायक अनीता भदेल ने चिकित्सा की अनुदान मांगों पर चर्चा के बीच कांग्रेस पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, "70 सालों से राज करने वाले दल को PHC–CHC जर्जर कैसे दिखाई देने लगे ? पिछले 5 साल में तो यह जर्जर दिखाई नहीं दी उनको! क्या सिर्फ पिछले दो साल में ये जर्जर हो गई?"

Feb 18, 2026 16:01 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha Budget Session 2026 LIVE: अशोक गहलोत का बजट को लेकर सरकार पर हमला

विधानसभा की कार्यवाही के बीच ही पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भजनलाल सरकार के बजट पर तीखा हमला किया है और कहा है कि भाजपा सरकार के बजट ने प्रदेश के विशेष योग्यजनों को पूरी तरह निराश किया है.

पढ़िए गहलोत का पोस्ट - 

Advertisement
Feb 18, 2026 15:10 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha Budget Session 2026 LIVE: विधायक ने कहा- 'डिप्टी सीएम बैरवा जवाब नहीं दे पाए'

जयपुर में प्रश्नकाल के दौरान विधायक मनीष यादव के सवाल पर सदन में जोरदार हंगामा हुआ. यादव ने उच्च शिक्षा से जुड़े विमर्श शुल्क के मुद्दे पर सवाल पूछा था. उन्होंने कहा कि प्रदेश के तीन विश्वविद्यालयों के छात्रों से लिए गए विमर्श शुल्क के आंकड़ों को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है. उन्होंने अलवर, जयपुर और उदयपुर विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों से कुल 223 करोड़ रुपये विमर्श शुल्क वसूले जाने का आरोप लगाया. उन्होंने बैरवा से सवाल पूछा जो उच्च शिक्षा मंत्री भी हैं. उन्होंने पूछा कि यह राशि कहां खर्च हुई और विमर्श केंद्र कहां स्थापित किए गए. प्रेमंचद बैरवा ने जवाब दिया लेकिन मनीष यादव ने कहा  कि उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा मामले का जवाब नहीं दे पाए और सरकार के पास इस विषय में ठोस और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है.

Feb 18, 2026 13:48 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha Budget Session 2026 LIVE: विधायक फंड के गोशाला के लिए उपयोग पर किरोड़ीलाल मीणा का जवाब

विधानसभा में MLA LAD फंड को लेकर विधायक रतन देवासी के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर मंत्री डॉ किरोड़ीलाल मीणा ने जवाब दिया. उन्होंने कहा,  "MLA  LAD की योजना के निर्देशों के अनुसार किसी गैर सरकारी संस्थान या पंजीकृत ट्रस्ट या दूसरी निजी संस्था को उस ट्रस्ट संस्था की स्वयं की परिसंपत्ति बनाने के लिए योजना के तहत मंजूरी नहीं दी जा सकती. लेकिन, रजिस्टर्ड संस्था या गोपालन विभाग से अनुदानित गौशाला के लिए टिकाऊ प्रवृत्ति की परिसंपत्तियों का सृजन कुछ शर्तों के तहत कराया जा सकता है.

Feb 18, 2026 13:34 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha Budget Session 2026 LIVE: स्पीकर देवनानी बोले- यही हाल रहा तो आज भी 10-11 बजे तक चलेगा सदन

स्पीकर वासुदेव देवनानी ने सदन की कार्यवाही के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सचेतकों से आग्रह किया कि उन्होंने सदस्यों के बोलने का जो समय लिखकर दिया है उसका अक्षरशः पालन करें, वरना आज भी सूची के अनुसार सदस्यों के नाम आते हुए साढ़े 10-11 बजेंगे.

Feb 18, 2026 13:02 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha Budget Session 2026 LIVE: आज सदन में नहीं होगा लंच ब्रेक

विधानसभा में आज कार्यवाही के दौरान लंच ब्रेक नहीं होगा. सदन में आज से बजट की अनुदान मांगों पर चर्चा होनी है, इसलिए  स्पीकर वासुदेव देवनानी ने यह व्यवस्था दी है. उन्होंने कहा - आज बोलने वालों की संख्या ज्यादा है, इसलिए लंच ब्रेक नहीं करके सदन में ज्यादा समय देंगे.

Feb 18, 2026 12:57 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha Budget Session 2026 LIVE: प्रेमचंद बैरवा के जिस जवाब पर हुआ था हंगामा

विधानसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान विधायक मनीष यादव के सवाल पर उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बेरवा जवाब के दौरानसदन में जोरदार हंगामा हुआ. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने उनके जवाब पर सवाल उठाते हुए कहा कि मंत्री का गलत उत्तर दिया जाना विशेषाधिकार हनन की श्रेणी में आता है. जूली ने अतारांकित प्रश्न का उत्तर प्रति सदन में रखी. इसके बाद पक्ष–विपक्ष के सदस्य अपनी सीटों पर खड़े हो गए. हंगामे के बीच स्पीकर वासुदेव देवनानी ने हस्तक्षेप किया और कहा कि प्रश्न काल में बहस नहीं होती है, आप नियम पढ़कर आएं. इसी के बीच प्रश्न काल समाप्त हुआ और हंगामा शांत हो गया.

Feb 18, 2026 12:33 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha Budget Session 2026 LIVE: प्रश्नकाल में विपक्ष के सवाल में उलझे TAD मंत्री बाबूलाल खराड़ी

प्रश्नकाल के दौरान विधायक अर्जुन सिंह बामनिया ने एक सवाल किया था जो जनजाति आश्रम छात्रावास में खाद्य सामग्री आपूर्ति के बारे में था. इसका जवाब जनजातीय क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग के मंत्री बाबूलाल खराड़ी दे रहे थे. उन्होंने कहा कि रेट्स मार्केट के लिहाज से बदलती रहती हैं, जो भी रेट होगी मैं बता दूंगा. मंत्री के जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर प्रतिपक्ष ने शेम-शेम कहकर सदन में मंत्री के खिलाफ हूटिंग की.

इसके बाद अर्जुन बामनिया बोले - बच्चों के स्वास्थ्य का सवाल है. अलग-अलग रेट्स की वजह से जो वित्तीय अनियमितता आई है, उन अधिकारियों–कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कब करेंगे?

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा, कि आपने टेंडर करने की बजाय सभी हॉस्टल वार्डन को अलग-अलग बजट भेज दिया, ताकि टेंडर नहीं करना पड़े. आप कह रहे थे उपभोक्ता भंडार से कम रेट आ रही थी, तो फिर अलग-अलग जगह पर अलग-अलग रेट क्यों आई?

सदन में व्यवधान के दौरान अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विपक्ष से मंत्री के जवाब के दौरान शांत रहने की अपील की.  मंत्री ने जवाब देने की कोशिश की, लेकिन हंगामे को देखते हुए स्पीकर वासुदेव देवनानी ने आसान से मंत्री को पूरे प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में भ्रष्टाचार की पुनरावृत्ति न हो.

जवाब देते हुए मंत्री बाबूलाल खराड़ी की तस्वीर - 

Feb 18, 2026 12:03 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha Budget Session 2026 LIVE: हल्के हंगामे के बाद प्रश्नकाल समाप्त

राजस्थान विधानसभा में प्रश्नकाल समाप्त होने से ठीक पहले हंगामा हुआ. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस सदस्यों ने डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के जवाब पर आपत्ति जताई जिसके बाद हल्का हंगामा हुआ और पक्ष–विपक्ष के सदस्य अपनी सीटों पर खड़े हो गए. स्पीकर वासुदेव देवनानी ने हस्तक्षेप किया और कहा कि 'प्रश्न काल में बहस नहीं होती है, आप नियम पढ़कर आएं.'   इसके बाद 12 बजे विधानसभा स्पीकर ने प्रश्नकाल समाप्त करने की घोषणा की. 


Feb 18, 2026 11:58 (IST)

Rajasthan Assembly’s Budget Session LIVE: मंत्री कन्हैयालाल दे रहे थे जवाब जब हुई बहस

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मंत्री कन्हैयालाल श्रीकरणपुर के विधायक रुपिंदर सिंह कुन्नर के सवाल का जवाब दे रहे थे जब मंत्री के पीएम मोदी का नाम लेने पर थोड़ा हंगामा हुआ. मंत्री करणपुर विधानसभा क्षेत्र में जल योजनाओं में स्वीकृत पदों से जुड़े सवाल का जवाब दे रहे थे. 

Feb 18, 2026 11:48 (IST)

Rajasthan Assembly’s Budget Session LIVE: पीएम मोदी का लिया नाम तो हुई बहस

प्रश्नकाल के दौरान मंत्री जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मंत्री कन्हैयालाल ने जवाब के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिया जिस पर  सदन में पक्ष–विपक्ष के बीच हल्की बहस हुई. विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दखल देकर शांत कराया. स्पीकर ने विपक्ष से कहा,- हर बात पर आप दखल नहीं दे सकते,मंत्री जवाब दे रहे हैं. 

Feb 18, 2026 11:36 (IST)

Rajasthan Assembly’s Budget Session LIVE: विधानसभा स्पीकर रोकटोक से हुए नाराज, कहा- फिर सदन स्थगित कर दूंगा

प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी सांसदों के रोक-टोक पर स्पीकर वासुदेव देवनानी ने सख़्त आपत्ति की. चोमू विधायक शिखा मील बराला के प्रश्न पूछे जाने के दौरान बाधा डालने पर उन्होंने खड़े होकर चेतावनी दी कि अगर सदन की गरिमा नहीं रखी गई तो वे फिर से कल की तरह सदन स्थगित कर देंगे.

 

Feb 18, 2026 11:30 (IST)

Rajasthan Budget Session 2026 LIVE उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने मनोहर थाना में बस स्टैंड बनाने पर दिया जवाब

विधानसभा में प्रश्न काल के दौरान अकलेरा मनोहर थाना में बस स्टैंड के निर्माण पर उपमुख्यमंत्री पीसी बैरवा ने विधायक गोविंद प्रसाद रानीपुरिया के सवाल का जवाब दिया. 

उपमुख्यमंत्री पीसी बैरवा कहा कि विधानसभा क्षेत्र मनोहर थाना के पास सेवाओं से वंचित ग्राम पंचायत में संचालित करने के संबंध में कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है. 

विधायक ने फिर सवाल पूछा कि अकलेरा में बस स्टैंड के लिए जमीन उपलब्ध कराने पर  क्या सरकार बस स्टैंड बना देगी?इस पर डिप्टी सीएम बोले - जमीन मिलने पर विचार की बात तो मैं कह ही रहा हूं.

Feb 18, 2026 11:15 (IST)

Rajasthan Assembly’s Budget Session LIVE: प्रश्नकाल शुरू: मंत्री दे रहे जवाब

राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में ठीक 11 बजे प्रश्नकाल शुरू हो चुका है. 

Feb 18, 2026 11:09 (IST)

Rajasthan Budget Session 2026 LIVE राजस्थान विधानसभा - आज की कार्यवाही का लाइव अपडेट

NDTV राजस्थान के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. यहां आप आज राजस्थान विधानसभा में आज की कार्यवाही से जुड़ी प्रमुख ख़बरों को पढ़ सकते हैं जिन्हें हमारे संवाददाता सीधे विधानसभा से आप तक पहुंचा रहे हैं.