Rajasthan Marble Dumping Yard: कभी आपने सोचा है कि राजस्थान की गर्म धरती पर भी बर्फ जैसे सफेद पहाड़ नजर आ सकते हैं? पहली नजर में यह नजारा किसी विदेशी हिल स्टेशन या स्विट्जरलैंड जैसा लगता है, लेकिन सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है. अजमेर जिले के किशनगढ़ शहर से महज 3-4 किलोमीटर दूर स्थित यह जगह असल में एक मार्बल डंपिंग यार्ड है, जो आज पर्यटन का नया हॉटस्पॉट बन चुका है. यहां सालों से मार्बल कटाई के दौरान निकलने वाला अवशेष और पाउडर जमा किया जाता रहा है. धीरे-धीरे यह कचरा पहाड़ों का रूप ले चुका है.
परफेक्ट डेस्टिनेशन बना डंपिंग यार्ड
इन पहाड़ों की खासियत है कि इनका चमकदार सफेद रंग, जो तेज धूप में बर्फ जैसा चमकता है. यही वजह है कि लोग इसे ‘मिनी स्विट्जरलैंड' कहने लगे हैं. आज यह जगह सिर्फ एक डंपिंग साइट नहीं, बल्कि फोटोग्राफी और सोशल मीडिया के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन बन चुकी है. यहां आने वाला हर व्यक्ति अपने कैमरे में इस अनोखे नजारे को कैद करना चाहता है.
विदेशों तक है अनोखी लोकेशन की चर्चा
खासकर युवाओं और कपल्स के बीच यह जगह काफी लोकप्रिय है, जहां हर कोना एक परफेक्ट बैकग्राउंड देता है. इस अनोखी लोकेशन की चर्चा अब देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक पहुंच चुकी है. विदेशी पर्यटक भी इस सफेद वादी को देखने के लिए यहां आते हैं. राजस्थान की पारंपरिक छवि के बीच यह अलग तरह का प्राकृतिक-सा दृश्य सभी को आकर्षित करता है. यहां किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन द्वारा वीआईपी विजिट और इमरजेंसी के लिए हेलिपैड भी बनाया गया है.
बॉलीवुड के सितारे कर चुके हैं शूटिंग
सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और कई सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं. यह व्यवस्था इस जगह को और भी खास बनाती है. इस ‘व्हाइट लैंड' की खूबसूरती ने बॉलीवुड को भी अपनी ओर खींचा है. यहां सोनाक्षी सिन्हा, हनी सिंह, मिलिंद गाबा और टाइगर श्रॉफ जैसे सितारे शूटिंग कर चुके हैं. कई म्यूजिक वीडियो और फिल्मों के दृश्य यहां फिल्माए गए हैं.
प्री-वेडिंग शूट के लिए काफी प्रसिद्ध
यह जगह अब प्री-वेडिंग शूट के लिए भी काफी डिमांड में है. सफेद पहाड़ों के बीच शूट की गई तस्वीरें किसी विदेशी लोकेशन का अहसास देती हैं. हालांकि, यहां ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध है, क्योंकि पास में एयरपोर्ट स्थित है. मार्बल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर जैन के अनुसार, इस डंपिंग यार्ड को और विकसित कर एक बेहतर पर्यटन स्थल बनाने की योजना है.
अगर यह योजना सफल होती है, तो किशनगढ़ का यह ‘मिनी स्विट्जरलैंड' देश के प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट्स में शामिल हो सकता है. कचरे से बना यह अनोखा नजारा आज खूबसूरती की मिसाल बन चुका है. यह दिखाता है कि सही नजरिया और विकास से किसी भी जगह को आकर्षण का केंद्र बनाया जा सकता है. किशनगढ़ का यह सफेद डंपिंग यार्ड अब सिर्फ कचरे का ढेर नहीं, बल्कि एक नई पहचान बन चुका है.
यह भी पढे़ं- राजस्थान में कल सभी पर्यटन स्थल पर फ्री एंट्री, आज सिर्फ विद्यार्थियों के लिए रहा निःशुल्क