20 दिन पहले अरब के लिए निकला राजस्थान का मर्चेंट नेवी अधिकारी होर्मुज में फंसा, ईरान नौसेना की गिरफ्त में

Rajasthan News: ईरानी नेवी IRGC ने होर्मुज स्ट्रेट में भारत आ रहे जहाज 'एपामिनोड्स' को जब्त कर लिया. उसमें राजस्थान के श्रीगंगानगर के रहने वाले वाइस कैप्टन संजय महार समेत 21 क्रू मेंबर फंसे हुए है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
वाइस कैप्टन संजय माहर (मर्चेंट नेवी)
NDTV

Iran firing Merchant Navy Ship: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में भारत की ओर आ रहे एक बड़े कंटेनर जहाज ‘एपामिनोडेस' को अपने कब्जे में ले लिया है. इस जहाज में राजस्थान के श्रीगंगानगर निवासी मर्चेंट नेवी के वाइस कैप्टन संजय माहर भी सवार हैं. घटना के बाद से ही संजय के परिवार और पूरे इलाके में चिंता छाई हुई है. पिछले 15 वर्षों से मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं.

फायरिंग के बाद जहाज पर किया कब्जा

संजय के अनुसार, वे 20 दिन पहले सऊदी अरब के लिए घर से निकले थे. लाइबेरिया फ्लैग वाला यह जहाज पिछले 3-4 दिनों से होर्मुज स्ट्रेट के पास खड़ा था और गुजरात के मुंद्रा पोर्ट जाने के लिए अनुमति का इंतजार कर रहा था. जैसे ही बुधवार)(22 अप्रैल) सुबह करीब 8 बजे जहाज होर्मुज पार करने के दौरान आगे बढ़ा, उस पर ईरानी नौसेना की तरफ से फायरिंग शुरू हो गई. वाइस कैप्टन संजय माहर ने बताया कि अचानक हुई गोलीबारी के बाद सभी 21 क्रू मेंबर्स ने जहाज के सुरक्षित 'सिटाडल' (सुरक्षित केबिन) में शरण ली.

Advertisement

21 क्रू मेंबर्स में भारतीय भी शामिल

 जहाज में भारत सहित फिलीपींस, यूक्रेन और श्रीलंका के नागरिक सवार हैं. मामले को लेकर ईरानी नौसेना का कहना है कि जहाज के नेविगेशन सिस्टम में छेड़छाड़ की गई थी, जिससे समुद्री सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ. इसके चलते IRGC ने इसे इंटरसेप्ट किया और अपने तट की ओर ले गए. बताया जा रहा है इसी दौरान ‘फ्रांसेस्का' नामक एक अन्य जहाज को भी जब्त किया गया, जबकि ‘यूफोरिया' जहाज पर हमले की खबर है.

परिजनों ने सरकार से मांगी मदद

इस मामले में श्रीगंगानगर के सद्भावना नगर में रह रहे संजय माहर के पिता ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली, हालांकि उनके बेटे ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वह सुरक्षित है. उन्होंने प्रशासन और सरकार से अपील की है कि जहाज में सवार सभी भारतीय नागरिकों को जल्द सुरक्षित वापस लाया जाए.

 भारत सरकार जल्द करे हस्तक्षेप 

वहीं संजय के भाई ने बताया कि उन्होंने स्थानीय विधायक जयदीप बिहानी से मुलाकात कर मामले से अवगत कराया है और मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री तक बात पहुंचाई गई है. परिवार को उम्मीद है कि भारत सरकार जल्द ही हस्तक्षेप कर संजय सहित सभी क्रू मेंबर्स की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करेगी.

यह भी पढ़ें: राजस्थान में कर्मचारियों और पेंशनधारियों को सौगात, सरकार ने बढ़ाया 2 प्रतिशत DA... मिलेगा 4 महीने का एरियर