RPSC के रिक्रूटमेंट पोर्टल में सेंधमारी करने वाला शख्स गिरफ्तार, एआई से कोडिंग सीखकर वेबसाइट से की थी छेड़छाड़

आरोपी ने आरपीएससी के भर्ती परीक्षा के पॉर्टल से छेड़छाड़ की थी. अभ्यर्थी रघुवीर गुर्जर ने 12 जून को साइबर पुलिस को जब शिकायत दी तो मामले का खुलासा हुआ.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
दौसा का रहने वाले राहुल मीणा झारखंड में नौकरी कर रहा था.

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के भर्ती पोर्टल से अभ्यर्थियों के आवेदन विड्रो करने का मामला सुलझ गया है. पुलिस ने दौसा के राहुल मीणा (27) को गिरफ्तार किया है. आरोपी राहुल झारखंड में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAIL) में कर्मचारी के रूप में कार्यरत है. पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने एआई की मदद से पॉर्टल की सुरक्षा प्रणाली में सेंधमारी की और फिर उसे एक्सेस कर चयनित अभ्यर्थियों के आवेदन ही विड्रॉ कर लिए. हाल ही में अजमेर साइबर अपराध थाना पुलिस ने आरपीएससी के रिक्रूटमेंट पोर्टल में छेड़छाड़ का केस दर्ज किया था. आरोपी ने सहायक खनिज अभियंता एवं खान-भू विज्ञान विभाग भर्ती परीक्षा-2024 के 3 अभ्यर्थियों के आवेदन पॉर्टल से हटा दिए थे. 

12 जून को दर्ज हुआ था मामला

अभ्यर्थी रघुवीर गुर्जर ने 12 जून को शिकायत दी थी कि फर्जी SSO और जीमेल आईडी बनाकर भर्ती पोर्टल में छेड़छाड़ की गई. महानिरीक्षक पुलिस राजेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया. तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की जानकारी के जरिए पुलिस राहुल कुमार मीणा तक पहुंची. 

Advertisement

AI की मदद से सिस्टम को दिया चकमा

राहुल कुमार मीणा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की सहायता से कोडिंग तैयार किया. फिर भर्ती पोर्टल की सुरक्षा प्रणाली को बाईपास किया और लिस्ट में शामिल कैंडिडेट्स के नाम हटा दिए. जब प्रकरण का खुलासा हुआ तो आरपीएससी की भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं. अभ्यर्थियों के निजी डेटा की सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर चिंताएं भी बढ़ गई हैं. 

नेटवर्क का भी पता लगा रही पुलिस

साइबर अपराध थाना पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह सेंधमारी खुद ही की या नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल है. इस पूरे नेटवर्क और इस्तेमाल किए गए तकनीकी माध्यमों की गहन जांच की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जा सके.

यह भी पढ़ेंः टीकाराम जूली की निजी सहायक का ट्रांसफर, पिंकी मीणा को अहम जिम्मा, विवादों से घिरे कई अधिकारियों का तबादला

Topics mentioned in this article