भरतपुर में आगरा-जयपुर हाईवे पर बड़ा हादसा, स्लीपर बस में घुसी रोडवेज, 12 से अधिक घायल

रोडवेज बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं. हादसे के बाद से बस का ड्राइवर और कंडक्टर फरार है. घायलों के परिजनों ने एंबुलेंस के देरी से पहुंचने के भी आरोप लगाए.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
भरतपुर में आगरा-जयपुर हाईवे पर बड़ा हादसा.

भरतपुर में आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे 21 पर एक सड़क हादसा हो गया. चिकसाना थाना क्षेत्र के कदमकुंज होटल के पास तकनीकी खराबी के चलते स्लीपर बस खड़ी थी. तभी पीछे से भरतपुर डिपो की रोडवेज बस ने तेज गति से टक्कर मार दी. हादसे में रोडवेज में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद रोडवेज का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार है. जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार (7 जुलाई) को शाम करीब 4 बजे हुआ. बस डिवाइडर के सहारे खड़ी कर दी और ड्राइवर क्रेन के आने का इंतजार करने लगा. इसी दौरान भरतपुर डिपो की रोडवेज बस ने सीधी टक्कर मार दी.

रोडवेज में सवार थे करीब 45 यात्री

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्लीपर बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. बस सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई और रोडवेज का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के समय रोडवेज बस में करीब 40-45 यात्री सवार थे. अचानक हुए धमाके से बस में चीख-पुकार मच गई कई यात्री सीटों से उछलकर गिर पड़े.

Advertisement

रोडवेज का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

वक्त पर नहीं पहुंची एंबुलेंस

सूचना मिलते ही चिकसाना थाना क्षेत्र पुलिस और सारस चौराहा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. करीब एक दर्जन से अधिक घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से आरबीएम जिला अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों में ज्यादातर रोडवेज बस के यात्री शामिल हैं. घायलों और उनके परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद एंबुलेंस मौके पर काफी देर से पहुंची. 

बस को जब्त किया, ड्राइवर-कंडक्टर की तलाश जारी

बस के डिवाइडर पर चढ़ जाने से यातायात बाधित हो गया था. हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बसों को हटवाया और यातायात को डायवर्ट कर सुचारू कराया. फरार ड्राइवर और कंडक्टर की तलाश जारी है. पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है. फिलहाल सभी घायलों का आरबीएम अस्पताल में इलाज जारी है.

यह भी पढ़ेंः IPS शांतनु कुमार: साइबर ठगी के खिलाफ इस ऑफिसर का चक्रव्यूह कारगर, जानें कैसे किया 500 करोड़ के फ्रॉड का खुलासा