भीलवाड़ा में एक युवक ने प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया. युवक जगदीश बैरवा को संदेह था कि उसकी प्रेमिका का किसी शख्स से अवैध संबंध है. इसी वजह से उसने आपसी विवाद के चलते गमछे से गला घोंटकर मंजू की हत्या कर दी. वारदात के बाद वह पुलिस को चकमा भी देता रहा. उसका पैंतरा ज्यादा देर तक नहीं चला और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि मंजू देवी शादीशुदा थी और उसके जगदीश से संबंध थे.
जंगल में मिला महिला का शव
शंभूगढ़ थाना पुलिस को रानीखेड़ा के जंगल में महिला का शव मिला. मृतका मंजू देवी (30) 9 जुलाई से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी शंभूगढ़ थाने में दर्ज थी. मंगलवार को रानीखेड़ा के जंगल में महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपी जगदीश बैरवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया.
चंद घंटों में खुला हत्या का राज
पुलिस शुरुआती जांच में प्रेमिका की मौत को संदिग्ध मान रही थी. हर कड़ी को जोड़ते हुए जांच शुरू की गई. जांच आगे बढ़ी तो कुछ ही घंटों में राज सामने आ गया. पूछताछ में सामने आया कि गुनाह छुपाने के लिए आरोपी ने शव को जंगल में फेंक दिया था. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, रायला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल बोर्ड की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में आरोपी के साथ किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है. मामले में मुकदमा दर्ज कर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ेंः जयपुर में 'सिग्नल-फ्री' कॉरिडोर की तैयारी, ना रेड लाइट और ना ट्रैफिक जाम, इन झंझटों से मिलेगा छुटकारा