सचिन पायलट, दिव्या मदेरणा और हरीश चौधरी को मिलेगी नई जिम्मेदारी? कांग्रेस आलाकमान की परफॉर्मेंस रिपोर्ट तैयार

कांग्रेस में राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है. राजस्थान से कुछ नेताओं को मौका मिल सकता है. जबकि कई नेताओं की जिम्मेदारी में बदलाव की संभावना है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
कांग्रेस आलाकमान ने परफॉर्मेंस रिपोर्ट कर ली है. इसके आधार पर फैसला होगा.

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी यानी AICC में बड़े स्तर पर बदलाव हो सकते हैं. पार्टी में राष्ट्रीय महासचिवों, सचिवों और राज्यों के प्रभारियों को लेकर मंथन हो रहा है. देश के अलग-अलग हिस्सों में संगठन सृजन का काम पूरा होने के बाद अब बारी राष्ट्रीय स्तर पर बदलाव की है. पिछले दिनों एआईसीसी ने 3 राज्यों के प्रभारी बदले हैं और सेवादल में भी फेरबदल किया है. बताया जा रहा है कि एआईसीसी में संगठनात्मक बदलाव अब अंतिम चरण में है. हालांकि, इस बारे में कोई भी फैसला दिल्ली में मंथन के बाद ही होगा. 

राष्ट्रीय महासचिव और सचिव की परफॉर्मेंस रिपोर्ट तैयार

राष्ट्रीय टीम में काम कर रहे पदाधिकारियों के कामकाज और परफॉर्मेंस की समीक्षा हो रही है. पार्टी सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संगठन के महासचिव केसी वेणुगोपाल के बीच चर्चा हो चुकी है. केसी वेणुगोपाल ने राष्ट्रीय महासचिव और सचिव की परफॉर्मेंस रिपोर्ट तैयार कर ली है. 

Advertisement

राजस्थान के 9 नेताओं को जिम्मेदारी

राजस्थान के कुल 9 नेता एआईसीसी में अलग-अलग पदों पर काम कर रहे हैं. इनमें भंवर जितेंद्र सिंह, सचिन पायलट, हरीश चौधरी, रेहाना रियाज, दानिश अबरार, संजना जाटव, धीरज गुर्जर, दिव्या मदेरणा और विजय जांगिड़ का नाम शामिल है. इनमें भंवर जितेंद्र सिंह और सचिन पायलट राष्ट्रीय महासचिव हैं, जबकि हरीश चौधरी मध्य प्रदेश के प्रभारी हैं. इन सभी नेताओं के राजनीतिक भविष्य का फैसला अब परफॉर्मेंस रिपोर्ट के आधार पर होगा. कौन पद पर बना रहेगा और किसे हटाया जाएगा, यह इसी रिपोर्ट से तय होगा. 

भंवर जितेंद्र सिंह दे चुके हैं इस्तीफा 

पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने प्रभारी के रूप में काम किया, लेकिन असम विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद महासचिव के पद से इस्तीफा दे दिया था. हालांकि, अभी तक उसे स्वीकार नहीं किया गया है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन में बड़े बदलाव तय हैं. जिन नेताओं के प्रभार वाले राज्यों में प्रदर्शन कमजोर रहा है, उनकी जिम्मेदारी बदली जा सकती है. 

रंधावा और पायलट प्रदेशाध्यक्ष बने तो तस्वीर बदलेगी

राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा भी है. ऐसे में राजस्थान में भी प्रभारी का बदलना संभव है. सचिन पायलट के राजस्थान में पीसीसी चीफ बनने की भी अटकलें हैं. ऐसा हुआ तो एआईसीसी में उनकी जगह दूसरे किसी वरिष्ठ नेता को ज़िम्मेदारी मिल सकती है. हालांकि, रंधावा और पायलट को लेकर फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है. 

यह भी पढ़ेंः 32 साल बाद हकीकत बनने जा रहा राजस्थान का यमुना जल अधिकार, जानिए क‍िन ज‍िलों को होगा अध‍िक फायदा

Advertisement