मृत‍क क‍िशोरी के पक्ष में खड़ी हुईं कांग्रेस व‍िधायक इंद‍िरा मीणा, बोलीं- मेरा कोई दोह‍िता नहीं

जयपुर में 16 साल की लड़की की 13वीं मंज‍िल से ग‍िरने के बाद मौत हो गई थी. परिजनों का आरोप है कि लड़की की इंस्टाग्राम पर व‍िधायक के दोह‍िते से बातचीत होती थी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
जयपुर में नाबालिग की मौत

जयपुर के प्रतापनगर में 16 साल की नाबालिग की मौत अभी रहस्य बनी हुई है. परिजन सोमवार (8 जून) को भी तुरंत कार्रवाई की मांग को लेकर आरयूएचएस अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे हैं. परिजनों की मांग है कि युवती का पोस्टमार्टम स्पेशल मेडिकल बोर्ड की निगरानी में दोबारा करवाया जाए. नामजद आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की जाए और मामले की न्यायिक जांच हो. सभी सबूतों की साइंटिफिक जांच करवाई जाए.

कांग्रेस विधायक के परिवार पर आरोप

परिजनों आरोप है कि लड़की इंस्टाग्राम पर किसी लड़के से बात करती थी. वह कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा का दोहिता है. लड़की की मां ने बताया कि वह लड़का खुद को बहुत पावरफुल बताता था. उन्होंने आरोप लगाया कि वह बामनवास विधायक इंदिरा मीणा का दोहिता है.

Advertisement

इंदिरा मीणा ने पीड़ित परिवार के लिए मांगा न्याय

वहीं, विधायक इंदिरा मीणा ने फेसबुक पर वीडियो साझा कर सभी आरोपों को निराधार बताया है. उन्होंने कहा कि ये मुझे बदनाम करने की कोशिश है. मेरे इतनी बड़ी बेटी नहीं है और ना कोई दोहिता है. मुझे तो ये भी नहीं पता था कि दोहिता क्या होता है. मैं पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हूं, बच्ची को न्याय मिलना चाहिए. इस तरह की घटनाएं आए दिन बढ़ रही है, जो कि चिंताजनक है.

लड़के का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस मामले में सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के माध्यम से जांच कर रही है. थानाधिकारी पूरणमल यादव ने बताया कि सभी सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली गई है. सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है. परिजनों ने जिस लड़के का जिक्र किया है, उसके बारे में पता कर लिया गया है. उससे पूछताछ के लिए टीम भेजी जाएगी.

यह भी पढ़ेंः "एक मस्जिद गिरेगी तो 10 बनेंगी", जयपुर में बुलडोजर एक्शन के बीच कांग्रेस विधायक का वीडियो वायरल