सोलर प्लेट गिरने से एक बुजुर्ग की मौत, 2 बच्चों का इलाज जारी, जैसलमेर में आंधी-बारिश ने मचाया कहर

जैसलमेर के गाँधी कॉलोनी स्थित एक होटल की छत पर लगा सोलर प्लांट सिस्टम तेज हवाओं के उखड़कर सीधे मुख्य सड़क पर आ गिरा. इसी दौरान स्कूटी पर गुजर रहे सुभाष खत्री और उनके दो मासूम पोते चपेट में आ गए.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
जैसलमेर हादसे में एक की मौत.

जैसलमेर में शनिवार (5 जुलाई) को तेज आंधी और बारिश के दौरान हादसा हो गया. गांधी कॉलोनी स्थित एक होटल की छत पर लगा भारी सोलर प्लांट सिस्टम तेज हवाओं के कारण उखड़कर मुख्य सड़क पर आ गिरा. उसी समय वहां से स्कूटी पर गुजर रहे 60 वर्षीय सौभाग्यमल उर्फ सुभाष खत्री और उनके दो मासूम पोते मलबे की चपेट में आ गए. इस हादसे में गंभीर रूप से घायल सुभाष खत्री ने जोधपुर रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि दोनों बच्चों का इलाज जोधपुर में जारी है.

हादसे में एक गाय की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के साथ अचानक सोलर प्लेट और उसका भारी ढांचा होटल की छत से उड़कर सड़क पर आ गिरा. हादसे की चपेट में आए सुभाष खत्री अपने पोतों संयम और वंश के साथ स्कूटी पर सवार थे. मलबे के नीचे दबने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में सड़क किनारे खड़ी एक गाय की भी मौत हो गई, जबकि कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई.

Advertisement

2 घायल बच्चों का इलाज जोधपुर में जारी

स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद सुभाष खत्री की हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन जैसलमेर से कुछ किलोमीटर दूर ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया. देर रात उनके शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. आज रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. दोनों घायल बच्चों का उपचार जोधपुर में चल रहा है.

घटना के बाद सरकारी एंबुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं होने से परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने मौके पर पहुंचकर निजी एंबुलेंस की व्यवस्था करवाई और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया. उनका कहना था कि मौसम की चेतावनी के बावजूद सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए.

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा- मासूम जिंदगियों के साथ खिलवाड़

कोतवाली थाना अधिकारी सूरजाराम ने बताया कि तेज तूफानी हवा के कारण होटल की छत से सोलर प्लेटें उखड़कर सड़क पर गिर गई थीं. हादसे के बाद एंबुलेंस व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई. परिजनों का आरोप है कि समय पर सरकारी एंबुलेंस नहीं मिली और 108 सेवा पर भी संपर्क नहीं हो सका. कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने इसे चिकित्सा विभाग, अस्पताल प्रशासन और आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी विफलता बताते हुए कहा कि लापरवाही के कारण मासूम जिंदगियों के साथ खिलवाड़ हुआ है. 

यह भी पढ़ेंः कब कम होंगे पेट्रोल-डीजल के दाम? पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने दिए बड़े संकेत