जैसलमेर के सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में इनकम टैक्स की रेड, प्रॉपर्टी डील से लेकर ब्लैकमनी के हेरफेर की आशंका

जैसलमेर में संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और काले धन के इस्तेमाल के मामले में आयकर विभाग ने जांच शुरू कर दी है. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की रेड महकमे में चर्चा का विषय रही.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
जैसलमेर के सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में इनकम टैक्स की रेड.

जैसलमेर जिले के सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में मंगलवार (14 जुलाई) को आयकर विभाग ने कार्रवाई की. संदिग्ध भूमि लेनदेन से जुड़े ऑफिस के दस्तावेजों की जांच शुरू हो गई है. इस एक्शन से दिनभर कार्यालय परिसर में हलचल बनी रही. जांच अभियान में उदयपुर और जैसलमेर की संयुक्त टीम शामिल है. करीब 8 सदस्यीय टीम सुबह सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंची और विभिन्न भूमि रजिस्ट्रियों, रिकॉर्ड तथा संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन शुरू किया. टीम विशेष रूप से उन रजिस्ट्री की जांच कर रही है, जिनमें पैन कार्ड का उपयोग नहीं किया गया है या फिर गलत जानकारी देकर रजिस्ट्री कराई गई होने की आशंका है.

नियमों को ताक पर रखकर हुई रजिस्ट्री!

बताया जा रहा है कि जांच का मुख्य उद्देश्य ऐसे संदिग्ध भूमि सौदों की पहचान करना है, जिनमें आयकर नियमों की अनदेखी की गई हो. इसके लिए अधिकारी संबंधित फाइलों, रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड और दस्तावेजों का बारीकी से परीक्षण कर रहे हैं. जांच के दौरान पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं ताकि संदिग्ध लेनदेन की पूरी जानकारी जुटाई जा सके.

Advertisement

जमीन की खरीद-फरोख्त में हुआ खेल?

जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और काले धन के संभावित उपयोग से जुड़े मामलों का ब्यौरा जुटा रहा है. विभाग यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि कहीं जमीन की खरीद-फरोख्त में नियमों का उल्लंघन कर आयकर प्रावधानों से बचने की कोशिश तो नहीं की गई. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जा सकती है.

हाल ही में महेश कुल्हरी ने जैसलमेर में आयकर अधिकारी के पद पर कार्यभार संभाला है. उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद यह विभाग की पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है. हालांकि, इस जांच का उनके पदभार ग्रहण करने से कोई आधिकारिक संबंध नहीं बताया गया है.

फिलहाल आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. ऐसे में जांच के निष्कर्ष और संभावित कार्रवाई को लेकर स्थिति विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल संयुक्त टीम दस्तावेजों की गहन पड़ताल में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ेंः 6 फीट लंबा कोबरा निगल गया 5 मुर्गियां, बाड़े में घुसकर किया शिकार


 

Topics mentioned in this article