झालावाड़ में धारली गांव (रटलाई) के देवनारायण मंदिर में लाठियां चल गईं. दोनों पक्ष पूजा-अर्चना और चढ़ावे को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया. देखते ही देखते मंदिर परिसर में पत्थर, लाठियां और डंडे चलने लगे. इस खूनी झड़प में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कहासुनी के बाद विवाद हुआ उग्र
रटलाई थाना अधिकारी लोकेश मीणा ने बताया कि आस्था और श्रद्धा का केंद्र माना जाने वाला देवनारायण मंदिर शनिवार को तनाव और टकराव का साक्षी बन गया. ग्राम पंचायत गुराड़खेड़ा के मंदिर में पूजा-अर्चना और चढ़ावे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई. विवाद बढ़ते-बढ़ते उग्र होता गया और फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.
मंदिर परिसर में जान बचाने के लिए भागते रहे लोग
माहौल देखते ही देखते ऐसा बिगड़ा कि दोनों ओर से पथराव और लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया. मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और श्रद्धालुओं में भय व्याप्त हो गया. चीख-पुकार और हंगामे के बीच लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए. कुछ ही देर में पूरा परिसर संघर्ष के मैदान में परिवर्तित हो गया.
4 घायल झालावाड़ हॉस्पिटल में रेफर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने घायलों को अपने वाहनों और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. हालांकि, गंभीर चोटें आने के कारण 4 घायलों को झालावाड़ के एसआरजी हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया. दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. मामले की गहन जांच की जा रही है. घटना के बाद से गांव में माहौल तनावपूर्ण है. किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है और गांव में लगातार निगरानी रखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में व्यावसायिक भवन के लिए नए नियम, इस बात का रखा ध्यान तो मॉल-होटल मालिकों को मिलेगी खास छूट