कोटा के इटावा क्षेत्र के रनोदिया गांव के पास बुधवार (12 अगस्त) शाम दर्दनाक हादसा हो गया. घर से खेत पर जा रहा युवक राजेश महावर बाइक सहित बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गया. घटना के बाद ग्रामीणों और प्रशासन ने युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका. ग्रामीणों के मुताबिक, राजेश महावर शाम करीब 4 बजे बाइक लेकर अपने खेत की ओर जा रहा था. कुछ समय पहले हुई भारी बारिश के चलते खेतों का पानी गांव और किशनवास के बीच स्थित बरसाती नाले में आ गया था. नाले की पुलिया के ऊपर से भी तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा था. युवक राजेश ने बाइक सहित पुलिया पार करने का प्रयास किया. इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत नाले के तेज बहाव में बह गया.
ग्रामीणों ने बचाने का किया प्रयास
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. राजेश ने भी पानी के तेज बहाव से बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका और देखते ही देखते पानी के बहाव में दूर ओझल हो गया. ग्रामीणों ने घटना की सूचना प्रशासन को दी. सूचना मिलने के बाद पीपल्दा तहसीलदार अशोक कुमार जैन, हल्का पटवारी बत्तीलाल मीना और इटावा पुलिस मौके पर पहुंचे.
पानी कम हुआ तो नजर आई बाइक
प्रशासन और ग्रामीणों ने मिलकर युवक की तलाश के प्रयास किए, लेकिन अंधेरा होने तक सफलता नहीं मिली. पानी का बहाव कम होने के बाद नाले की पुलिया के पास राजेश की बाइक नजर आई. प्रशासन ने बाइक को बाहर निकलवा लिया है. हालांकि, युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है.
सुबह SDRF चलाएगी रेस्क्यू ऑपरेशन
पीपल्दा तहसीलदार अशोक कुमार जैन ने बताया, "बरसाती नाले में युवक के बाइक सहित बहने की सूचना मिली थी. काफी कोशिश भी की गई, लेकिन युवक का पता नहीं चल पाया." कोटा से एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया है. रात होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका. गुरुवार (13 अगस्त) सुबह एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाएगी.
यह भी पढ़ेंः काली घटा से सीधे जमीन तक उतरी पानी की तेज धार, मोबाइल में कैद हुआ हैरान कर देने वाला वीडियो