Rajasthan News Live Updates, 8 February 2026: कोटा के जवाहर नगर इलाके में तीन मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई. जिस इमारत में हादसा हुआ, वहां नॉनवेज रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था. हादसा इतना भयावह था कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई. मलबे में दबे लोगों की चीख-पुकार दूर तक सुनाई देती रही. सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. जवाहर नगर इलाके की ये तस्वीरें उस वक्त की हैं, जब अचानक तीन मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई. इमारत के नीचे मलबे में दबे लोगों की चीखें सुनाई दे रही थीं. हादसे के समय बिल्डिंग में नॉनवेज रेस्टोरेंट का स्टाफ समेत कई अन्य लोग भी मौजूद थे.
राजस्थान में अगले 3 से 4 दिन मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में आंशिक वृद्धि का अनुमान है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया कि राज्य में अगले 3 से 4 दिन मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण बने परिसंचरण तंत्र की वजह से हल्के बादल छाए रहने की संभावना है. विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में अगले 3 से 4 दिन तापमान में आंशिक बढ़ोतरी जारी रहेगी. विभाग के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 9 फरवरी से उत्तर पश्चिमी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. पढ़िए लाइव ब्लॉग में दिनभर की अपडेट
नव पदोन्नत ASI के तबादले
करौली जिले में 104 नव पदोन्नत सहायक उप निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं. करौली एसपी लोकेश ने ट्रांसफर और पोस्टिंग के आदेश जारी किए हैं. इन सबकी जिले के विभिन्न थाने और पुलिस चौकिया में तैनाती के आदेश दिए गए हैं.
विधायक बालमुकुंद आचार्य पर FIR दर्ज करने की मांग
चांदपोल सब्जी मंडी के पास परकोटे में दरगाह की छत का निर्माण रुकवाने के बाद स्पेशल पुलिस कमिश्नर से मुलाकात के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा ने विधायक बालमुकुंदाचार्य पर FIR दर्ज करने की मांग रखी. सुनील शर्मा ने कहा कि जिस तरह नगर निगम चुनाव से पहले जयपुर की गंगा-जमुनी तहजीब बिगाड़ने की कोशिश हो रही है, उसे चुनाव से पहले वोटो के पोलराइजेशन के प्रयास के रूप में देखा जाना चाहिए.
अजमेर में गैस सिलेंडर में धमाका, दो भाई झुलसे
अजमेर में रविवार को एक लोहे के गोदाम में पुरानी गाड़ियों की कटाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. गाड़ियों में लगे सीएनजी गैस सिलेंडरों को काटते समय अचानक धमाका हुआ और आग भड़क उठी. जिससे पुनीत जैन और उनके भाई अरिहंत जैन गंभीर रूप से झुलस गए.
जोधपुर पहुंची थाईलैंड की राजकुमारी
थाईलैंड की राजकुमारी सिरीवन्नावरी रविवार को विशेष विमान से जोधपुर के वायुसेना स्टेशन पहुंची. इस दौरान वायुसेना स्टेशन पर प्रिंसेस का स्वागत हुआ. वायुसेना स्टेशन से वह उम्मेद भवन पैलेस की ओर रवाना हुई. राजकुमारी सिरीवन्नावरी आज रात रास हवेली में कैंडल नाइट डिनर करेंगी. राजकुमारी राजस्थानी व्यंजनों लुफ्त उठाएंगी. इसके बाद कल वह मेहरानगढ़ किले का घूमेंगी.
चांदपोल में दरगाह निर्माण पर अघोषित रोक
चांदपोल सब्जी मंडी स्थित दरगाह के निर्माण पर अघोषित रोक लग गई है. स्पेशल पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश से कांग्रेस के नेताओं ने दरगाह की छत निर्माण को लेकर मुलाकात की थी, जिसके बाद पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी पुलिस की है. ऐसे में मौके पर निर्माण कार्य रोक दिया गया है. नगर निगम विधायक निधि कोष के तहत दी गई निर्माण की मंजूरी के मामले में रिव्यू करेगा.
जालोर में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
जालोर जिले के रानीवाडा क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया. सेवाडिया फाटक के पास एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रानीवाडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी में रखवाया गया है. फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है.
17 फरवरी को 5 लाख लोग अनशन पर बैठेंगे- परसराम
खेजड़ी बचाओ आंदोलन के संयोजक परसराम विश्नोई ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने दावा किया कि आगामी 17 फरवरी को पांच लाख से ज्यादा लोग अनशन पर बैठेंगे. उन्होंने कहा कि मंत्री के के सिंह के आश्वासन के बाद भी जोधपुर और बीकानेर संभाग में अभी भी खेजड़ी के पेड़ कट रहे हैं. धरने पर किसी भी पार्टी के नेता आए उनका स्वागत है. कानून नहीं लागू होगा तो मुकाम की जगह बीकानेर में मेला भरेगा. बता दें कि 17 फरवरी को मुकाम में गुरु जम्भेश्वर का मेला है. देशभर से विश्नोई समाज के श्रद्धालु मुकाम धोक लगाने पहुंचते हैं.
फलौदी में दर्दनाक हादसा
फलोदी में तेज रफ्तार से जा रही पिकअप गाड़ी बिजली के खंभे से टकरा गई. इस हादसे में पिकअप गाड़ी सवार दो लोगों की मौत हो गई है. जानकारी के अनुसार, पिकअप सवार दोनों लोग फलोदी से भीयासर अपने गांव जा रहे थे. दोनों मृतकों की पहचान ओमाराम जाट निवासी भीयासर व भगवानराम निवासी चाखू के रूप में हुई है. घटना फलोदी के नागौर रोड स्टेट हाईवे सड़क मार्ग स्थित पालीना गांव के पास की है.
'खेजड़ी बचाओ आंदोलन' के समर्थन में अनशन पर बैठी 2 महिलाओं की तबियत बिगड़ी
खेजड़ी बचाओ आंदोलन के तहत बीते मंगलवार 3 फरवरी से जैसलमेर में सास-बहू अनशन पर बैठी थीं. तबीयत ज्यादा खराब होने पर सास रतनी देवी को जैसलमेर स्थित प्रिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जबकि बहू निरमा विश्नोई को इलाज के लिए पोकरण ले जाया गया, जहां उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी.
डॉक्टर राजेश्वरी धनदेव ने बताया कि तीन दिन तक भूखे रहने के कारण रतनी देवी की आंतों में ऐंठन और सूजन हो गई है, जिससे उलटी की शिकायत हो रही है. उन्हें ग्लूकोज और लिक्विड दिए जा रहे हैं, हालांकि उनकी स्थिति अभी पूरी तरह सामान्य नहीं है और लगातार निगरानी की जा रही है.
बता दें कि वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के लिए संघर्ष करने वाले स्वर्गीय राधेश्याम विश्नोई की भी सड़क हादसे में मौत हुई थी. अब उनकी मां और पत्नी खेजड़ी बचाने के आंदोलन को आगे बढ़ा रही हैं और सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग कर रही हैं.
Bikaner: 'खेजड़ी बचाओ आंदोलन' में 2 महिलाओं को हॉस्पिटल ले जाया गया
बीकानेर में 'खेजड़ी बचाओ' आंदोलन के समर्थन में बैठी 2 महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई. जैसलमेर के धोलिया निवासी रतनी देवी और निरमा विश्नोई को हॉस्पिटल ले जाया गया. हालांकि अब रतनी देवी की तबियत ठीक है. उन्हें जैसलमेर स्थित प्रिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. वहीं, निरमा विश्नोई को इलाज के लिए पोकरण ले जाया गया, जहां उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी.
फलोदी में पिकअप बिजली खंभे से टकराई, 2 की मौत
फलोदी में रफ्तार से दौड़ती पिकअप बेकाबू होने के चलते बिजली के खंभे से टकरा गई. हादसा स्टेट हाईवे स्थित पालीना गांव के पास हुआ. हादसे में भियासर निवासी ओमाराम जाट और चाखू निवासी भगवानराम की मौत हो गई.
Pushkar News: करीब 6 बार पलटी खाकर कार खाई में गिरी
पुष्कर में एक कार गहरी खाई में गिर गई. गनीमत रही कि उसमें सवार दोनों युवक सुरक्षित बच निकले. उनके शरीर पर चोट तक नहीं आई. दोनों युवक पुष्कर घाटी मार्ग से गुजर रहे थे, इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. खाई में गिरने के बाद करीब 5 से 6 बार पलटी खा गई, जिससे उसके चारों दरवाजे लॉक हो गए और युवक अंदर ही फंस गए. मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और क्रेन चालक को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता व क्रेन मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया.
इधर, कार के अंदर फंसे युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए सनरूफ का कांच तोड़ा और उसी रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को खाई से बाहर निकाला गया. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कार लापरवाहीपूर्वक चलाई जा रही थी. फिलहाल इस संबंध में पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है.
श्रीगंगानगर में जिला कलेक्ट्रेट पर कर्मचारियों का सद्बुद्धि यज्ञ,
श्रीगंगानगर में अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के आह्वान पर आज सद्बुद्धि यज्ञ किया गया. इस दौरान महासंघ से जुड़े विभिन्न घटक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी जिला कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचे. यज्ञ में आहुतियां देकर सरकार से कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की कामना की. महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार कलवानिया और जिला मंत्री राधेश्याम यादव ने बताया कि राज्य कर्मचारी अपनी 11 सूत्रीय मांगों और सात संकल्पों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं.
सीकर में दो बाइकों की भिड़ंत, युवक की मौत
सीकर के रीको इंडस्ट्रियल एरिया में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है, और मामले की जांच शुरू कर दी है.
Bundi: बूंदी में पैंथर का हमला
बूंदी के डाबी क्षेत्र में पैंथर ने युवक पर हमला किया. गंभीर अवस्था में युवक को कोटा रेफर किया गया. जब युवक खेत की देख रेख कर रहा था, तभी हमला हो गया. सूचना मिलने पर डाबी रेंज से टीम मौके पर पहुंची. घटना के बाद ग्रामीणों के दहशत का माहौल है.
'खेजड़ी बचाओ आंदोलन' के समर्थन में अनूठी पहल
बीकानेर में विद्यार्थियों ने मानव आकृति बनाकर खेजड़ी बचाने का संदेश दिया. बज्जू के शारदा विद्या मंदिर स्कूल के विद्यार्थियों ने अद्भुत पहल की. हरे व लाल रंग की स्कूल ड्रेस में विद्यार्थियों ने मानव आकृति बनाई. बता दें कि बीकानेर बिश्नोई धर्मशाला के सामने 7 दिनों से महापड़ाव चल रहा है.
अलवर ग्रामोत्थान शिविर पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अलवर के बहला में ग्रामोत्थान शिविर में पहुंचे. शिविर में लगी ग्राम उत्थान शिवरों अवलोकन किया. शिविर के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे. केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और वन मंत्री संजय शर्मा भी साथ में हैं.
Bundi News: नाबालिग से छेड़छाड़ के दोषी को 3 साल की कैद
बूंदी के पॉक्सो कोर्ट नंबर-1 ने नाबालिग से छेड़छाड़ के दोषी को 3 साल की कैद की सजा सुनाई. साथ ही 20 हजार रुपए जुर्माना भी लगाया है. रिपोर्ट के मुताबिक, 28 सितंबर 2025 को आरोपी शराब पीकर घर में घुसा था और पीड़िता को धमकी भी दी. पीड़िता की शिकायत पर घटना के अगले दिन 29 सितंबर को प्रकरण दर्ज किया गया था.
Delhi Jaisalmer Train fire: स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस में आग लगने से मचा हड़कंप
दिल्ली से जैसलमेर आ रही स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस में आग लगने से हड़कंप मच गया. चलती ट्रेन के एक डिब्बे के नीचे आग लगी. घटना जेठा–चांधन रेलवे स्टेशन के पास की है. आग की जानकारी मिलते ही लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोकी और रेलवे स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया.
हालांकि आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है. इसी बीच, ट्रेन में सवार यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत भी फैल गई और यात्री अपना सामान उतारने में जुट गए. फिलहाल, किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है. आग बुझाने के बाद ट्रेन को जैसलमेर के लिए रवाना भी कर दिया.
Kota News: हादसे में घायल शालीन ने परिजन को कॉल कर बताया
कोटा न्यू मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पूरब और शालीन भर्ती हैं. दोनों रिश्ते में ममेरे भाई हैं. पूरब के पिता नेमीचंद ने बताया कि दोनों भाई रात को हादसे के कुछ देर पहले ही रेस्टोरेंट पर अपनी स्कूटी से पहुंचे थे. जैसे ही वहां बैठे खाने के लिए अचानक भरभरा कर बिल्डिंग गिर गई. दोनों को गंभीर चोटें आईं और पूरब का पैर फैक्चर हुआ है. पूरब के पिता नेमीचंद ने कहा कि हादसे की सूचना शालीन ने उनके मोबाइल फोन पर दी. वह घबरा गए थे, तत्काल परिजन अस्पताल पहुंचे, अभी दोनों की हालत ठीक है.
Kota News: प्लॉट में ड्रिलिंग से बिल्डिंग में महसूस होता था वाइब्रेशन
कोटा में बिल्डिंग ढहने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. इसकी वजह बिल्डिंग के पास प्लॉट में चल रहे काम को बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, प्लॉट में 8 दिन से ड्रिलिंग चल रही थी. इसी के चलते रेस्टोरेंट में वाइब्रेशन हो रहा था. हादसे वाली रात कई कर्मचारी छुट्टी पर था, उनमें से एक कर्मचारी विजय पवार ने एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि बिल्डिंग में वाइब्रेशन महसूस हो रहा था. अन्य कर्मचारियों को भी वाइब्रेशन होने की जानकारी थी.
सीएम की सेल्फी
अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम से अलवर टाइगर इंटरनेशनल हाफ मैराथन को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया. सीएम भजनलाल ने प्रतिभागियों के साथ सेल्फी ली.
Alwar News: 'अलवर टाइगर मैराथन‘ को सीएम ने दिखाई हरी झंडी
अलवर में आज सुबह 6 बजे से प्रताप ऑडिटोरियम से 'अलवर टाइगर मैराथन‘ शुरू हुई. इसके जरिए पीएम नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ मिशन, टाइगर और पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन को आगे बढ़ाने पर फोकस है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, मैराथन के ब्रांड एम्बेसडर रणदीप हुड्डा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे.
Kota building collapse: 15 साल वर्षीय लक्ष्मण की मौत
दूसरे मृतक की पहचान केशवपुरा (कोटा) निवासी 15 वर्षीय लक्ष्मण के तौर पर हुई. फिलहाल अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी रहा है. घायलों में दो भाई पूरब और शालीन के बारे में भी जानकारी सामने आई है.
Kota News: हादसे के वक्त गैस लीक से भी मची अफरा-तफरी
कोटा हादसे में मृतक की पहचान हो गई है. इनमें से एक पश्चिम बंगाल का कोचिंग छात्र आर्यन बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की. इस दौरान हादसे के वक्त गैस लीक होने से भी अफरा-तफरी मच गई थी,
Kota building collapse: कोटा हादसे में 2 लोगों की मौत, 14 लोग घायल
कोटा हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं. मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की टीमें अलर्ट पर रहीं. घायलों का तुरंत इलाज शुरू किया गया. वहीं, देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा. पुलिस टीम ने डॉग स्क्वायड की भी मदद ली और इस बात की तसल्ली की मलबे में कोई दबा ना रह जाए .