Rajasthan News: जालोर के सायला में स्कूल की दीवार गिरने से दूसरी कक्षा की छात्रा की मौत, ग्रामीणों का प्रदर्शन

Jalore News: प्रारंभिक तौर पर भवन की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
दूसरी कक्षा की एक छात्रा कुमारी

Rajasthan: जालौर के उपखंड क्षेत्र के बावतरा गांव स्थित मरुधर शिक्षण संस्थान उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. स्कूल परिसर में खेल रही दूसरी कक्षा की एक छात्रा पर अचानक दीवार गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई. मृतक छात्रा की पहचान कुमारी, पुत्री भंवरलाल मेघवाल, निवासी असाडा के रूप में हुई है. छात्रा के पिता भंवरलाल मेघवाल किसान हैं और बावतरा क्षेत्र में खेती का कार्य करते हैं. हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंच गए.

जानकारी के अनुसार दोपहर के समय छात्रा अन्य बच्चों के साथ स्कूल परिसर में खेल रही थी. इसी दौरान परिसर की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और बच्ची उसकी चपेट में आ गई. हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद बच्चे और स्कूल स्टाफ संभल ही नहीं पाए.

मौके पर ही दम तोड़ दिया

घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. गंभीर रूप से घायल छात्रा को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए और शोक के साथ नाराजगी भी जताई.

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हादसे के तुरंत बाद स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे हटा दिए गए. इसे लेकर लोगों में रोष है और पारदर्शी जांच की मांग की जा रही है. वहीं प्रारंभिक तौर पर भवन की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीण दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Advertisement