Rajasthan Police Transfer List: राजस्थान में बीते दिनों पुलिस महकमे में बदलाव के बाद मंगलवार (30 जून) को फिर से विभाग में बड़ा फेरबदल हुआ है. प्रदेश में 100 पुलिस इंस्पेक्टर का एक साथ तबादला कर दिया गया. डीजीपी कार्यालय की तरफ जारी आदेश में 100 पुलिस इंस्पेक्टर के तबादले किए गए हैं. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कार्मिक बीजू जॉर्ज जोसेफ ने इंस्पेक्टरों के ट्रांसफर के आदेश जारी किए हैं. आदेश के मुताबिक, बीते दिनों अजमेर रेंज से जयपुर कमिश्नरेट में ट्रांसफर किए पुलिस इंस्पेक्टर सतपाल सिंह का तबादला निरस्त कर दिया गया है. एडीजी, कार्मिक बीजू जॉर्ज जोसेफ ने कहा कि आदेश तुरंत प्रभावशील होगा.
ACB केस पर नहीं मिलेगी तैनाती
आदेश में साफ कहा गया कि अगर इन पुलिस इंस्पेक्टरों में किसी के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई विचाराधीन या प्रस्तावित हो तो पोस्टिंग नहीं की जाए. साथ ही डीजीपी मुख्यालय को इस बारे में सूचना देने को भी कहा गया है. बता दें कि इससे पहले इसी महीने की शुरुआत में 141 उप पुलिस अधीक्षक यानी डीएसपी स्तर के अधिकारियों का ट्रांसफर हुआ.
बीते दिनों भी हुए थे ट्रांसफर
उस समय जयपुर के पुलिस आयुक्तालय और JDA में भी कई अहम बदलाव देखने को मिला था. रमेश कुमार पारीक, ओम प्रकाश मीणा और सुरेश कुमार स्वामी को जेडीए में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनाती मिली. राजधानी में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नए एसीपी भी लगाए गए. जबकि बीते मई महीने में 19 पुलिस निरीक्षकों के तबादले किए गए. उस समय दौसा, कोटपुतली-बहरोड़, जयपुर ग्रामीण और झुंझुनू सहित कई जिलों के थाना प्रभारियों व निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव हुआ था.