Rajasthan Rain alert: राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश ने मौसम को बेहद खुशगवार बना दिया है. भीषण और झुलसाने वाली गर्मी का सामना कर रहे प्रदेशवासियों को इस प्री - मानसून की गतिविधि से बड़ी राहत मिली है. इसके असर से राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में कम से कम तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. , जिससे मौसम में ठंडक घुल गई है. इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने ताजा जानकारी साझा करते हुए राज्य में अगले एक हफ्ते 21 से 27 जून तक मौसम के ऐसे ही बने रहने और कई जिलों में भारी आंधी-बारिश का अनुमान जताया है.
बारां के अटरू में सर्वाधिक 62 मिमी बारिश दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न अंचलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई. इस अवधि में बारां जिले के अटरू में सर्वाधिक 62 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. वहीं, रविवार को झुंझुनूं में 34 मिमी और श्रीगंगानगर में सुबह से शाम तक 14.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. हालांकि, इस बारिश के बीच भी पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों जैसलमेर और बाड़मेर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा.
इन 23 जिलों के लिए मौसम विभाग का येलो और ऑरेंज अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर द्वारा जारी किए गए ताजा बुलेटिन के अनुसार, अगले तीन घंटों के भीतर राज्य के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदलेगा। विभाग ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर, टोंक, दौसा, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, सवाई माधोपुर, डीडवाना-कुचामन तथा नागौर जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से तीव्र मेघगर्जन (गरज-चमक) के साथ अचानक तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। इसके साथ ही इन इलाकों में वज्रपात (आकाशीय बिजली) और हल्की से मध्यम वर्षा होने की प्रबल संभावना है, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इसके अलावा बीकानेर, खैरथल-तिजारा, डीग, भरतपुर, धौलपुर, करौली, अजमेर, बूंदी तथा कोटा जिलों में भी कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.
Rajasthan weather
Photo Credit: Website
21 से 27 जून तक का साप्ताहिक पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने साप्ताहिक पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि राज्य के पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के हिस्सों में 21 जून से 27 जून तक प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी. इस दौरान कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. विभाग ने चेतावनी दी है कि इस पूरे हफ्ते कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ ओले गिरने और बिजली कड़कने की घटनाएं भी सामने आ सकती हैं.
यह भी पढ़ें: बाघिन 'रानी' के शावकों का ये दृश्य टूरिस्ट के लिए यादगार, नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क का वीडियो कर देगा रोमांचित