राजस्थान रोडवेज की बस में आग, किशनगढ़ से अजमेर जाते वक्त लपटों से घिरी

किशनगढ़ से अजमेर जा रही बस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. बस में 37 यात्री सवार बताए जा रहे हैं. इन यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की गई.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
राजस्थान रोडवेज की बस में आग, किशनगढ़ से अजमेर जाते वक्त लपटों से घिरी.

किशनगढ़ से अजमेर की ओर जा रही राजस्थान रोडवेज की बस में मंगलवार (23 जून) को भीषण आग लग गई. बस में करीब 37 यात्री सवार थे. आग की घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई. गनीमत रही कि ड्राइवर की सूझबूझ और तत्परता के चलते सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. जानकारी के मुताबिक, बस अजमेर की तरफ बढ़ रही थी, तभी रास्ते में बस से धुआं निकलता दिखाई दिया. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. 

ड्राइवर की सतर्कता से बची कई जानें

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्राइवर राम अवतार ने तुरंत बस को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया. इसके बाद उन्होंने परिचालक की मदद से बस में सवार सभी 37 यात्रियों को तत्काल बाहर निकाल लिया. देखते ही देखते आग ने बस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं.

Advertisement

शॉर्ट शर्किट की आशंका, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया. सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है. हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.

यात्रियों ने ली राहत की सांस, दूसरी बस से रवाना

बस में सवार यात्रियों ने चालक राम अवतार की सूझबूझ की तारीफ की. सीओ सिटी आईपीएस अजय सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इसके अलावा गेगल, मदनगंज और गांधीनगर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही. यात्रियों के लिए तुरंत ही दूसरी रोडवेज बस की व्यवस्था की गई.

यह भी पढ़ेंः साइबर ठगी का पैसा क्रिप्टो में बदला, गैंगस्टर रोहित गोदारा तक पहुंचाया, 2 बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद खुलासा