राजस्थान: सब इंस्पेक्टर के 1015 पदों के लिए परीक्षा आज, गड़बड़ी की जानकारी देने पर 1 लाख का इनाम

Rajasthan SI Exam 2025: SI भर्ती परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के जरिए नकल पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पहली बार व्यापक स्तर पर निगरानी रहेगी. परीक्षा के दौरान पेपर लीक, नकल और डमी कैडिंडेट जैसी गड़बड़ी की सूचना देने पर इनाम दिया जाएगा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सब इंस्पेक्टर के 1015 पदों के लिए परीक्षा आज

Rajasthan SI Exam 2025: राजस्थान में कुल 41 शहरों में रविवार और सोमवार को सब इंस्पेक्टर भर्ती 2025 आयोजित की जाएगी. 1015 पदों के लिए होने वाली परीक्षा के लिए पूरे प्रदेशभर में कुल 1174 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. जिनमें 7 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा को लेकर हर शहर में प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है. इस बार एजेंसियों की परीक्षा में डमी कैंडिडेट और पेपर लीक के खिलाफ पूरी तरह से सख्ती बरती जा रही है. परीक्षा केंद्रों पर तीन स्तरीय जांच, मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग और कड़ी निगरानी रखी जाएगी. सेंटर के 100 मीटर दायरे में साइबर कैफे व ई-मित्र बंद रहेंगे.

SOG की रहेगी सख्त निगरानी

पारदर्शी परीक्षा के लिए एसओजी ने विशेष और सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की है. परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के जरिए नकल पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पहली बार व्यापक स्तर पर तकनीकी निगरानी की जा रही है. परीक्षा के दौरान सभी जिलों में स्थित परीक्षा केन्द्रों के आसपास के मोबाइल टावरों का टावर डम्प डेटा प्राप्त किया जाएगा. 

Advertisement

इस बार की परीक्षा की सबसे खास बात है कि एसओजी ने परीक्षा में पेपर लीक, ब्लूटूथ से नकल, डमी कैंडिडेट या किसी भी प्रकार की अनियमितता की सही सूचना देने वाले को एक लाख रुपये का इनाम दिए जाने की घोषणा की है. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी. एसओजी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.

अजमेर में होटल-ढाबे फुल

उधर अजमेर में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर शहर में हलचल तेज हो गई है और परीक्षा से एक दिन पहले ही अलग-अलग जिलों से अभ्यर्थियों का अजमेर पहुंचना शुरू हो गया है. बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने के कारण शहर के होटल, लॉज और ढाबों में भीड़ बढ़ गई है और कई स्थानों पर कमरे पहले से ही फुल हो चुके हैं. अभ्यर्थियों को ठहरने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है, हालांकि कई ने पहले से ही ऑनलाइन या फोन के जरिए बुकिंग करवा रखी थी.

बाहर से आए अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी परीक्षा की तैयारी पूरी है और वे समय पर अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचने के लिए तैयार हैं, लेकिन ठहरने की व्यवस्था को लेकर थोड़ी परेशानी जरूर हुई, वहीं होटल संचालकों का कहना है कि परीक्षा की तारीख घोषित होते ही अधिकांश कमरों की एडवांस बुकिंग हो गई थी, जिसके चलते अब अचानक आने वाले अभ्यर्थियों को रूम मिलना मुश्किल हो रहा है. शहर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है और परीक्षा को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

यह भी पढे़ं-  Rajasthan SI Exam 2025: ड्रेस कोड, एंट्री टाइमिंग, OMR शीट... सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की जानें जरूरी गाइडलाइंस 

Advertisement