राजस्थान में SOG ने RPSC की वरिष्ठ अध्यापक (द्वितीय श्रेणी) भर्ती परीक्षा 2022 में डमी कैंडिडेट के रूप में परीक्षा देने वाले 10,000 रुपये के इनामी आरोपी सुनील बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पिछले दो साल से फरार चल रहा था. एसओजी के अनुसार, जालोर निवासी मूल अभ्यर्थी ने सामान्य ज्ञान, शैक्षिक मनोविज्ञान और विज्ञान विषय की परीक्षा खुद न देकर डमी कैंडिडेट को बैठाया था. जिसके के जरिए परीक्षा पास करके वह सीनियर टीचर (सेकंड ग्रेड) के पद पर चयनित हुआ था.
पेपर लीक के कारण दोबारा हुई थी परीक्षा
एसओजी के ADG विशाल बंसल ने बताया कि RPSC ने 24 दिसंबर 2022 को वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) द्वितीय श्रेणी प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया था. पेपर लीक होने के कारण सामान्य ज्ञान और शैक्षिक मनोविज्ञान विषय की परीक्षा निरस्त कर दी गई थी. इस परीक्षा को बाद में 29 जनवरी 2023 को दोबारा आयोजित किया गया. जांच में पता चला कि जालोर जिले के रतनपुरा निवासी सम्पतलाल माली ने दोनों विषयों की परीक्षा स्वयं नहीं दी.
दूसरे डमी कैंडिडेट की तलाश
29 जनवरी 2023 को उदयपुर के राजकीय गुरू गोविन्द सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय, चेतक सर्किल में सम्पतलाल माली की सामान्य ज्ञान और शैक्षिक मनोविज्ञान की परीक्षा सुनील बिश्नोई (पुत्र किशन लाल, निवासी गोदारों की ढाणी, सरनाऊ, सांचौर, जालोर) ने डमी परीक्षार्थी के रूप में दी और सम्पतलाल वरिष्ठ अध्यापक के पद पर चयनित हुआ. विज्ञान विषय की परीक्षा देने वाले दूसरे डमी परीक्षार्थी की तलाश अब भी जारी है. डमी कैंडिडेटों के माध्यम से परीक्षा उत्तीर्ण कर सम्पतलाल माली धोखाधड़ी से वरिष्ठ अध्यापक (विज्ञान) के पद पर चयनित हो गया था.
13 जनवरी को गिरफ्तार हो चुका मूल अभ्यर्थी
हालांकि, RPSC में शिकायत दर्ज होने के कारण उसका नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया गया. सम्पतलाल माली को इस मामले में 13 जनवरी 2026 को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. अब बीते 2 साल से फरार चल रहे सुनील बिश्नोई को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. सुनील बिश्नोई की गिरफ्तारी के लिए SOG ने 10,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. पूछताछ में मध्यस्थों व अन्य संलिप्त आरोपियों की जानकारी जुटाने के लिए एसओजी की टीम आगे की जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढे़ं-
ACB Action: 15000 रुपये की रिश्वत लेते रेवेन्यू इंस्पेक्टर हुआ ट्रैप, एसीबी ने रंगे हाथ दबोचा
UD Tax बकायेदारों पर जयपुर नगर निगम का एक्शन, होटल मैरियट और रमाडा की संपत्तियां हुईं सीज