Rajasthan: पशु चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा 19 अप्रैल को, न्यूनतम अंकों के मामले में RPSC ने क्या कहा ? 

राजस्थान लोक सेवा आयोग के मुताबिक़ अभ्यर्थियों का चयन प्रतियोगी परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा, न कि किसी तय न्यूनतम उत्तीर्णांक के आधार पर.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

RPSC News: राजस्थान लोक सेवा आयोग ने पशुपालन विभाग में पशु चिकित्सा अधिकारी के 1100 पदों पर प्रस्तावित भर्ती परीक्षा को लेकर न्यूनतम प्राप्तांक संबंधी भ्रम की स्थिति को स्पष्ट कर दिया है. आयोग सचिव ने बताया कि उक्त प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन 19 अप्रैल 2026 को किया जाना प्रस्तावित है. भर्ती प्रक्रिया को लेकर सोशल मीडिया व अभ्यर्थियों के बीच न्यूनतम उत्तीर्णांक को लेकर चल रही चर्चाओं के बाद आयोग ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया.

 संशोधित सेवा नियम में न्यूनतम अंक का प्रावधान नहीं

आयोग के अनुसार राजस्थान पशुपालन सेवा नियम, 1963 में 23 मई 2022 को संशोधन किया गया था. संशोधित नियम ‘19' के तहत साक्षात्कार द्वारा सीधी भर्ती की व्यवस्था समाप्त कर प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से भर्ती का प्रावधान किया गया. इस संशोधित नियम में न्यूनतम प्राप्तांक निर्धारित करने का कोई उल्लेख नहीं है. अर्थात अभ्यर्थियों का चयन प्रतियोगी परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा, न कि किसी तय न्यूनतम उत्तीर्णांक के आधार पर.

 परीक्षा स्कीम जारी, फर्जी सूचनाओं से सावधान रहने की अपील

परीक्षा स्कीम के अनुसार प्रश्नपत्र में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जो 150 अंकों के होंगे. परीक्षा अवधि 2 घंटे 30 मिनट निर्धारित की गई है तथा प्रत्येक गलत उत्तर पर 1/3 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी. प्रश्नपत्र दो भागों में विभाजित होगा—भाग ‘ए' में राजस्थान सामान्य ज्ञान के 40 प्रश्न (40 अंक) तथा भाग ‘बी' में संबंधित विषय के 110 प्रश्न (110 अंक) शामिल होंगे.

आयोग ने सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित अपील (निर्णय क्रमांक एफ.23(163) दिनांक 15 नवंबर 2025) को पूरी तरह फर्जी बताते हुए अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करने की अपील की है तथा भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- राजस्थान में अब बिना परीक्षा अगली क्लास में नहीं जा सकेंगे 5वीं और 8वीं के स्टूडेंट्स, लाने होंगे न्यूनतम अंक