राजस्थान के मौसम ने ली करवट, टोंक में बारिश के साथ गिरे ओले; IMD ने बताया अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम

Weather Forecast Rajasthan: कहीं बारिश की चेतावनी तो कहीं हीटवेव का अलर्ट. मौसम विभाग के जयपुर केंद्र ने अपने नए अलर्ट में बताया है कि अगले 4 दिन किस शहर में कैसा मौसम रहने वाला है?

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
टोंक में ओले गिर रहे हैं.
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के टोंक जिले में गुरुवार दोपहर मौसम ने ऐसी करवट ली कि लोग हैरान रह गए. पिछले कई दिनों से चल रहे आंधी-तूफान के बीच अचानक आसमान से बारिश के साथ ओले गिरने लगे. करीब एक घंटे तक हुई इस ओलावृष्टि ने टोंक जिला मुख्यालय समेत इंदोखिया, नयागांव और हमीरपुर जैसे गांवों को सफेद चादर से ढक दिया. हालांकि, इस बदलाव से तपती गर्मी से तो राहत मिली है, लेकिन किसानों के लिए यह आफत बनकर आई है. जिले में ओलावृष्टि के कारण सब्जी की खेती और पशुओं के चारे (रजका) की फसल को तगड़ा नुकसान पहुंचा है.

IMD ने जारी किया नया अलर्ट

ओलावृष्टि के बाद मौसम विभाग ने राजस्थान के कई हिस्सों के लिए नई चेतावनी जारी की है. सवाई माधोपुर, टोंक, दौसा, बूंदी और कोटा जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. यहां 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ मध्यम से तीव्र बारिश की संभावना है. वहीं, करौली और बारां जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

Advertisement

आंधी-तूफान के बीच क्या करें और क्या न करें

मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट वाले इलाकों के लिए विशेष सलाह जारी की है. तेज हवाओं के कारण बड़े पेड़, बिजली के खंभे और कच्चे घरों या झोपड़ियों को नुकसान पहुंच सकता है. ऐसे में मेघगर्जन के समय पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण लेने की गलती न करें. हमेशा किसी सुरक्षित पक्के स्थान पर ही रुकें. येलो अलर्ट वाले क्षेत्रों में भी सतर्क रहने और मौसम खराब होने पर घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है.

अगले 4 दिन कहां-कहां होगी बारिश?

7 से 11 मई के बीच राजस्थान का मौसम मिला-जुला रहेगा. हालांकि राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी, लेकिन पूर्वी राजस्थान में अगले 1-2 दिन मध्यम मेघगर्जन और हल्की बारिश जारी रह सकती है. इसके बाद, 11 मई को फिर से शेखावाटी क्षेत्र और भरतपुर संभाग में मौसम बदल सकता है और कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है. फिलहाल, पिछले 24 घंटों में धौलपुर के बाड़ी में 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जबकि फलौदी 42.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा है.

इन जगहों पर हीटवेव करेगी परेशान

मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, आगामी 3-4 दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. विशेष रूप से 9 मई से जोधपुर संभाग के सीमावर्ती इलाकों में पारा 45 डिग्री के करीब पहुंचने की उम्मीद है, जिससे हीटवेव (लू) का नया दौर शुरू होगा. पश्चिमी राजस्थान में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी.

ये भी पढ़ें:- कोटा के अस्पताल में उस रात क्या हुआ? 'इंजेक्शन' लगते ही बिगड़ी 6 प्रसूताओं की हालत, 2 की मौत, अब फाइलें गायब!

Advertisement