राजस्थान में झमाझम बारिश, श्रीगंगानगर-अलवर में गिरे ओले, आज 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, दौसा, जयपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अगले 3-4 दिन बारिश का दौर जारी रहेगा.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
राजस्थान में मौसम का मिजाज बदला, कई इलाकों में तेज बारिश और ओलावृष्टि.

राजस्थान में गुरुवार (12 जून) को भीषण गर्मी के बाद देर शाम मौसम बदल गया. करौली में मौसम ने करवट ली और रातभर झमाझम बारिश हुई. रात 2 बजे मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ बादल बरसे. शुक्रवार (12 जून) सुबह भी कुछ देर के लिए झमाझम बारिश हुई. अलवर, श्रीगंगानगर और जयपुर के आसपास कुछ इलाकों में ओले भी गिरे. इससे लगातार उमस से परेशान लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. 

पश्चिमी राजस्थान में गर्मी बरकरार

प्रदेश में आंधी बारिश से तापमान में गिरावट की संभावना है. हालांकि, इस दौरान उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान में गर्मी से लोग परेशान है. जैसलमेर में तापमान सर्वाधिक 46 डिग्री दर्ज किया गया. पश्चिमी राजस्थान के कई जिले हीटवेव की चपेट में है.

Advertisement

अगले 2 दिन इन जिलों में अलर्ट

अगले 2 दिन बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर व जोधपुर संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, तेज आंधी (60-70 Kmph) के साथ कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है. बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, दौसा, जयपुर, नागौर, अजमेर, टोंक, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़ जिले के लिए आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

16 जून तक जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक, नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के उत्तरी भागों में आज से ही मेघगर्जन, आंधी व कहीं-कहीं बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. आज से आंधी-बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है. आंधी-बारिश का ये दौर 16 जून तक जारी रहेगा.

यह भी पढ़ेंः 12 से 16 जून तक राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी, जयपुर से लेकर जोधपुर तक गरजेंगे बादल