राजस्थान में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है. जयपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूल भरी आंधी चलने लगी. वहीं, हल्की बारिश होने के बाद गर्मी से जरूर राहत मिली है. बीते कुछ दिनों से 44 डिग्री के पार चल रहे तापमान में गिरावट का अनुमान है. शुक्रवार (1 मई) रात से ही कई जिलों में बादल छाने लगे थे और तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी का दौर भी शुरू हुआ. आज (2 मई) सुबह बूंदबांदी के बाद मौसम सुहाना हो गया.
Jaipur Weather: जयपुर में सुहाना मौसम
5 मई से आंधी-बारिश का दौर
मौसम विभाग ने अगले 3 से 4 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि 5 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर तेज हो सकता है. इससे तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट आ सकती है.
पश्चिम राजस्थान में लू का अलर्ट
राजधानी समेत कुछ जिलों को झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिली है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, फलोदी और चूरू जैसे जिलों में अभी भी लू का असर जारी है. यहां तापमान 44 डिग्री के आसपास बना हुआ है. इन क्षेत्रों में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है.
गर्मी से पूरी राहत नहीं
विशेषज्ञों का कहना है कि यह मौसमी बदलाव अस्थायी राहत जरूर देगा, लेकिन गर्मी का प्रभाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में 'तूफानी' मौसम, लू के बाद राजस्थान में आंधी-बारिश की भी मार, 21 जिलों में अलर्ट