भीलवाड़ा में टीन शेड से शख्स की गर्दन कटी, दीवार ढहने से भरतपुर में भी महिला की मौत, आंधी-बारिश से मची तबाही

राजस्थान के कई शहरों में मौसम की खौफनाक तस्वीर देखने को मिली. भरतपुर और भीलवाड़ा में 2 मौतें भी दर्ज की गई है. आज भी 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
रींगस समेत शेखावाटी में भी मौसम का मिजाज बदल चुका है.

राजस्थान में गुरुवार (5 जून) को आंधी और बारिश के चलते भरतपुर में एक महिला को जान भी गंवानी पड़ी. झोरोल गांव में देर रात तूफान में एक मकान की दीवार गिर गई. इसमें एक महिला की दबकर मौत हो गई. वहीं, भीलवाड़ा के जावदा गांव में भी दर्दनाक हादसे ने एक शख्स की जान ले ली. टीन शेड से गर्दन कटने के बाद व्यक्ति बुरी तरह जख्मी हो गया और उसने दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि तेज अंधड़ में टीन शेड की छत उड़ गई थी. इसी दौरान शख्स उड़ते टीन के चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई. 

बीते 2 दिन मूसलाधार बारिश, ओले भी गिरे

नौतपा की बारिश कई जगह तूफान बनकर बरसी है और यह दौर बीते दो दिनों से ही जारी है. बुधवार (4 जून) शाम से ही राज्य के कई इलाकों में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई. कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई. राजधानी जयपुर में देर शाम शुरू हुई बारिश अलसुबह तक होती रही.

Advertisement

मौसम विभाग की ओर से आज भी प्रदेश में आंधी बारिश का दौर जारी रहेगा. प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इससे बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में तेज आंधी बारिश की गतिविधियों में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज अंधड़ के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है. इस दौरान गर्मी से राहत जारी रहेगी.

10 जिलों में येलो अलर्ट

आज (5 जून) अलवर, भरतपुर, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल तिजारा, कोटपुतली बहरोड़, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में आंधी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. इसके साथ ही 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

यह भी पढ़ेंः कांग्रेस ने नीरज डांगी को बनाया राजस्थान से राज्यसभा प्रत्याशी, बीजेपी ने दो उम्मीदवारों का किया ऐलान