राजस्थान में बारिश का दौर कमजोर, 4 जिलों में रिमझिम बरसे बादल, गर्मी और उमस से लोग बेहाल

राजस्थान में मानसून सुस्त पड़ने के साथ ही तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है. आज (22 अगस्त) 18 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बीते दिन बारां, कोटा, भरतपुर और उदयपुर के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई.

प्रदेश में बारिश का दौर कमजोर पड़ गया है. मानसून की धीमी रफ्तार से राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस बढ़ गई है. अगस्त में कई स्थानों पर तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हालांकि, मौसम विभाग ने आज राजस्थान के 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने 21 अगस्त के लिए सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, अलवर, अजमेर, टोंक, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां और झालावाड़ में बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया था.

4 जिलों में 10 मिमी से भी कम बारिश

शुक्रवार (21 अगस्त) को भी 15 जिलों में यलो अलर्ट था, लेकिन उनमें से 11 जिलों में मौसम साफ रहा और शेष चार जिलों में भी बारिश 10 मिमी से कम रही. वास्तविक बारिश की बात करें तो किशनगंज व अटरू (बारां) में कुल 9 मिमी, बयाना, उच्चैन व वैर (भरतपुर) में कुल 6 मिमी, धौलपुर में 5 मिमी और कानावास (कोटा) में 3 मिमी बारिश दर्ज हुई. उदयपुर के मावली में बिना किसी अलर्ट के केवल 1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई. बारिश घटने की वजह से गर्मी और उमस में इजाफा हुआ है. 

Advertisement

श्रीगंगानगर में पारा 40 डिग्री के करीब

शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 39.9 डिग्री दर्ज हुआ. चूरू में 39, बीकानेर में 37.4, फलोदी में 37, हनुमानगढ़ में 36.3, फतेहपुर में 36.5 और झुंझुनूं में 36.2 तापमान रिकॉर्ड किए गए. रात का सबसे कम तापमान प्रतापगढ़ में 30.5 रहा.

वजह- ट्रफ लाइन अमृतसर-कानपुर से गुजर रही

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून में बारिश उस क्षेत्र में ज्यादा होती है, जहां ट्रफ लाइन गुज़रती है. ट्रफ में एक ओर हवा बंगाल की खाड़ी से पूर्व की तरफ और दूसरी ओर हवा पाकिस्तान की तरफ से पश्चिम की तरफ बहती है. इन दोनों धाराओं के बीच बनने वाला टर्बुलेंस क्षेत्र ही ट्रफ कहलाता है और यहीं अधिक बरसात होती है. वर्तमान में ट्रफ लाइन अमृतसर, मुजफरनगर, कानपुर, डालटनगंज और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है. यही वजह है कि राजस्थान में फिलहाल मानसून सुस्त चल रहा है.

यह भी पढ़ेंः स्कूलों में 'नो एंट्री' पर बवाल, सदन में हंगामा; सड़कों पर मारपीट, भड़के रविंद्र भाटी