राजस्थान में मानसून के इंतजार और भीषण गर्मी से हाल बेहाल है. फिलहाल के लिए गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हालात अनुकूल है. जबकि राजस्थान में 2-3 दिन बाद एंट्री हो सकती है. इस बीच, कई शहर भीषण गर्मी से झुलस रहे हैं. श्रीगंगानगर में पारा 45.1 डिग्री तक पहुंच गया है. सोमवार (29 जून) को फलोदी में 43.6, बीकानेर और चूरू में 42.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. वहीं, राजधानी जयपुर में पारा 40.4 डिग्री तक पहुंच गया है.
'हीट इंडेक्स' 48 से 50 डिग्री तक
'हीट इंडेक्स' (Heat Index) की बात करें तो तापमान 48 से 50 डिग्री के बीच महसूस हो रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि हवा में मौजूद नमी से शरीर को तापमान ज्यादा महसूस हो रहा है. उमस के कारण त्वचा से पसीना सूख नहीं पाता है. यही वजह है कि थर्मामीटर पर आंकड़ा भले ही 45 डिग्री के पार हो, लेकिन महसूस यह 50 डिग्री तक हो रहा है.
कोटा-उदयपुर में बारिश की संभावना
दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 2 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की पूरी उम्मीद है. 3 से 5 जुलाई तक पूर्वी राजस्थान के कुछ और भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने और कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, कोटा और उदयपुर संभागों में कुछ भागों में आगामी दिनों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है.
जोधपुर और बीकानेर में 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा!
जयपुर, भरतपुर और कोटा संभागों में कहीं-कहीं हल्की/मध्यम बारिश हो सकती है. जबकि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी बरकरार रहेगी. जोधपुर और बीकानेर संभाग के इलाकों में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है.
यह भी पढ़ेंः चंबल के खूंखार डकैत जगन गुर्जर की कहानी, जिसे 3 राज्यों की पुलिस नहीं पकड़ पाई