Rajasthan Weather: राजस्थान में तेज बारिश और ओलावृष्टि का कहर, आज भरतपुर में ऑरेंज अलर्ट, अगले 4 दिन तक राहत नहीं

राजस्थान में बीते दिन कोटा और गंगापुर सिटी में भारी ओलावृष्टि हुई. ओले की सफेद चादर से खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई है. अगले 8 अप्रैल तक राज्य में बारिश-आंधी का दौर जारी रहेगा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
धौलपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज हुई.

राजस्थान में पिछले 24 घंटों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम अचानक बदल गया है. राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि ने आमजन और किसानों को परेशान कर दिया. खासकर उत्तरी और पूर्वी हिस्से में इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला. शनिवार (4 अप्रैल) को कोटा, गंगापुर सिटी, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और जैसलमेर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई. कोटा और गंगापुर सिटी में ओले की मार से खेत, सड़कें और आसपास के इलाके सफेद चादर से ढक गए. श्रीगंगानगर के पदमपुर में सबसे ज्यादा 11.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. चूरू के सरदारशहर में धूल भरी आंधी ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया, जबकि जयपुर में पूरे दिन बादल छाए रहे. 

बढ़ते तापमान से राहत, लेकिन फसलें बर्बाद

इस मौसम के बदलाव से बढ़ते तापमान में भी कुछ राहत मिली है, लेकिन तेज हवाओं और ओलावृष्टि ने कई जगहों पर फसलों को नुकसान पहुंचाया है. स्थानीय किसानों का कहना है कि इतनी जोरदार ओलावृष्टि कई सालों बाद देखने को मिली है.

Advertisement

आज भी बारिश का अलर्ट 

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र ने रविवार (5 अप्रैल) के लिए भरतपुर जिले और आसपास के क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्के से मध्यम वर्षा, 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है. विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मेघगर्जन के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी है.

8 अप्रैल तक बारिश का दौर

सोमवार (6 अप्रैल) को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से फिर तेज आंधी-बारिश की संभावना है. 7 अप्रैल को विक्षोभ के सर्वाधिक असर से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई हिस्सों में तेज मेघगर्जन, 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की आंधी और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है. 8 अप्रैल को उत्तर और पूर्वी भागों में हल्की-मध्यम बारिश संभव है, जबकि शेष क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है.

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सलाह दी है कि खुले आसमान में पककर तैयार फसलों, कृषि मंडियों और धान मंडियों में खुले में रखे अनाज व जिंसों को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें. बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है. खासकर गेहूं और अन्य रबी फसलों पर ओलों की मार से किसानों की चिंता बढ़ गई है.

यह भी पढ़ेंः ड्रेस कोड, एंट्री टाइमिंग, OMR शीट... सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की जानें जरूरी गाइडलाइंस