राजस्थान में शनिवार (31 मई) को रेत का बवंडर और मौसम की तबाही देखने को मिली. आंधी-बारिश का असर पश्चिमी राजस्थान से कोटा संभाग तक दिखा. चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और नागौर इलाके से रेतीले तूफान की तस्वीर सामने आई. हालांकि, भीषण गर्मी से तप रहे राज्य के इन हिस्सों में तापमान 4 से 5 डिग्री तक गिर गया. मौसम विभाग के हाई अलर्ट के बाद कोटा में भी देर रात तेज धूल भरी आंधी चली. तेज हवाओं से कई पेड़ धराशाही हो गए. सुभाष सर्किल पर अचानक तेज आंधी से विशाल पेड़ जड़ से उखड़ कर चलते ऑटो पर गिरा. गनीमत रही की लोग बाल बाल बच गए.
उदयपुर में भी मौसम ने ली करवट
उदयपुर में अचानक मौसम बदल गया. बीती रात शहर में आंधी चली और कई इलाकों में बिजली भी गुल हो गई. आसमान में घने काले बादल छाने के साथ ही हल्की बूंदाबादी शुरू हो गई. कुछ ऐसा ही हाल राजसमंद में भी देखने को मिला. तेज हवाओं के बाद शहर में अंधेरा छा गया. सड़कों पर यातायात थमने के साथ ही जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया.
उदयपुर में बिजली गुल.
आज ओलावृष्टि-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर व उदयपुर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद तेज मेघगर्जन और आंधी चलने की संभावना है. इस दौरान करीब 60-70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा के साथ कहीं-कहीं तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है. वहीं, कई जगहों पर ओलावृष्टि व वज्रपात होने की भी संभावना है.
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
अगले 4 से 5 दिन तक प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट है. अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल तिजारा, कोटपुतली बहरोड़, सवाईमाधोपुर, सीकर, में आंधी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. वहीं, प्रदेश के 4 जिलों को छोड़कर सभी में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में दिखा हॉलीवुड मूवी जैसा नजारा, धूल के बवंडर में कैद हुआ आसमान, देखें तस्वीरें