BJP आज शाम करेगी राज्यसभा उम्मीदवारों का ऐलान! राजस्थान के ही होंगे दोनों चेहरे, मदन राठौड़ ने दिए संकेत

राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर बीजेपी आज शाम अपने पत्तों को खोलने जा रही है. राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उम्मीदवारों को लेकर ऐसा संकेत दिया है जिसने कई दिग्गजों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ का कहना है कि आज शाम तक राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों का ऐलान हो जाएगा.
NDTV Reporter

Jaipur News: राजस्थान में राज्यसभा चुनाव 2026 की अधिसूचना जारी होने के साथ ही सियासी गलियारों में हलचल बेहद तेज हो गई है. केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, बीजेपी सांसद राजेंद्र गहलोत और कांग्रेस सांसद नीरज डांगी का कार्यकाल पूरा होने के बाद राज्य की 3 सीटें खाली हो रही हैं. वोटों के गणित के हिसाब से 2 सीटें बीजेपी और 1 सीट कांग्रेस के खाते में जाना तय माना जा रहा है. नामांकन फॉर्म दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून है, लेकिन दोनों ही पार्टियों ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं. इसी बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ (Madan Rathore) ने बड़ा बयान देकर सस्पेंस और बढ़ा दिया है.

'आज शाम तक आ जाएंगे नाम, प्रत्याशी होंगे राजस्थानी'

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गुरुवार को संकेत दिए हैं कि केंद्रीय नेतृत्व आज शाम तक दोनों प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर सकता है. राठौड़ ने साफ कहा कि दोनों ही प्रत्याशी राजस्थान के स्थानीय चेहरे होंगे. उन्होंने बताया कि व्यवस्थित और शुभ मुहूर्त के हिसाब से 8 जून को नामांकन दाखिल किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, दोनों डिप्टी सीएम और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे.

Advertisement

सदन में सीटों का पूरा गणित

राजस्थान विधानसभा में मौजूदा विधायक दल की स्थिति के अनुसार तीसरी सीट के लिए किसी भी दल के पास पर्याप्त आंकड़े नहीं हैं. यही वजह है कि बीजेपी ने तीसरी सीट पर उम्मीदवार उतारने या किसी निर्दलीय को समर्थन देने के विचार को पूरी तरह खारिज कर दिया है. अगर पार्टी का नाम और विधायकों की संख्या के हिसाब से स्थिति को समझें तो भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पास 118, कांग्रेस (CONG) के पास 67, भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) के पास 04, बहुजन समाज पार्टी (BSP) के पास 02, राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के पास 01 और निर्दलीय (Independents) के पास 08 विधायक हैं.

बीजेपी में इन दिग्गजों के नामों पर मंथन

बीजेपी इस बार सामान्य और ओबीसी वर्ग को साधने पर फोकस कर रही है. दावेदारों की रेस में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ का नाम सबसे मजबूत है. बंगाल चुनाव में उनकी रणनीति का लोहा केंद्रीय नेतृत्व मान चुका है. उनके बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और हरियाणा के चुनाव प्रभारी रहे सतीश पूनिया का कद हरियाणा फतह के बाद काफी बढ़ गया है. चर्चा है कि उन्हें उच्च सदन भेजकर मोदी सरकार में मंत्री भी बनाया जा सकता है. इनके अलावा महिला चेहरों में दिल्ली चुनाव में खुद को साबित कर चुकीं राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर और पूर्व सांसद जसकौर मीणा की बेटी अर्चना मीणा के नाम पर भी गंभीर मंथन जारी है. चर्चा ये भी है कि गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय बैंसला या कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की बेटी सुनीता बैंसला को टिकट देकर पार्टी एक बड़े वोटबैंक को साध सकती है.

कांग्रेस का 'सोशल इंजीनियरिंग' दांव

कांग्रेस पार्टी में फिलहाल सोशल इंजीनियरिंग को लेकर माथापच्ची चल रही है. गोविंद सिंह डोटासरा, अशोक गहलोत और सचिन पायलट के जरिए ओबीसी, जबकि टीकाराम जूली के जरिए एससी वर्ग को पहले ही प्रतिनिधित्व मिल चुका है. ऐसे में पार्टी अब सामान्य वर्ग, अनुसूचित जनजाति या अल्पसंख्यक चेहरे पर दांव लगाना चाहती है. विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी का नाम इस रेस में सबसे मजबूत है. माना जा रहा है कि सीपी जोशी के आने से केंद्र में पार्टी को वैचारिक मजबूती मिलेगी और वागड़-मेवाड़ क्षेत्र में कांग्रेस का दबदबा बढ़ेगा. वहीं, अल्पसंख्यक चेहरे के तौर पर पूर्व राज्य महिला आयोग अध्यक्ष रेहाना रियाज का नाम भी रेस में बना हुआ है.

बेनीवाल के नोटिस पर भी बोले राठौड़

इस मौके पर मदन राठौड़ ने आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल के लीगल नोटिस भेजने पर भी जवाब दिया. उन्होंने कहा, 'राजनीति में इस तरह की गिरावट नहीं आनी चाहिए. हमें राजनीति को शुद्धिकरण की दिशा में आगे बढ़ाना चाहिए. बेनीवाल के पास शब्दों का अच्छा शब्दकोश नहीं है. मुझे नोटिस मिला है, लेकिन इसका जवाब देना भी चाहिए या नहीं, यह मैं सोच रहा हूं. किसी मामले में सिर्फ प्रार्थना करना अपराध नहीं होता. आगे क्या करना है, यह मेरे वकील तय करेंगे.'

Advertisement

ये भी पढ़ें:- राजस्थान हाई कोर्ट ने पलटा भजनलाल सरकार का फैसला, अब गहलोत के प्लान अनुसार जयपुर में होगा ये काम