राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के अधिकारी बलवंत सिंह लिग्री को निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई विभागीय जांच के लिए की गई है. लिग्री जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) जेडीए के उपायुक्त रह चुके हैं. उनके ऊपर जेडीए उपायुक्त के कार्यकाल के दौरान अनियमितताओं की शिकायतें आई थीं. इसी संबंध में विभागीय जांच के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फैसला किया गया है. निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय जयपुर में शासन सचिवालय रहेगा. 2011 बैच के RAS के वरिष्ठ अधिकारी बलवंत सिंह लिग्री फिलहाल राजस्थान स्टेट बेवरेजेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक के पद पर कार्यरत थे. हाल ही में उन्हें अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया था. बलवंत सिंह लीग्री इससे पूर्व राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के विशिष्ट सहायक (Special Assistant SA) या OSD भी रह चुके हैं. एक RAS के निलंबन की कार्रवाई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की भ्रष्टाचार के प्रति ज़ीरो टोलरेंस की नीति से जोड़कर देखा जा रहा है. सरकार की इस अचानक हुई कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
निलंबन क्यों हुआ
निलंबन आदेश में हालांकि किसी विशेष कारण का विस्तार से जिक्र नहीं किया गया है, लेकिन उच्च पदस्थ सरकारी सूत्रों का कहना है कि यह गाज JDA से जुड़े एक पुराने और गंभीर मामले के कारण गिरी है. जेडीए में उपायुक्त के पद पर तैनाती के दौरान उनके कार्यकाल में एक विवादित भूमि प्रकरण सामने आया था. इसी भूमि मामले में लंबे समय से उनके खिलाफ विभागीय जांच चल रही थी. माना जा रहा है कि इस जांच में सामने आए शुरुआती तथ्यों के आधार पर ही सरकार ने यह सख्त कदम उठाया है ताकि जांच प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से आगे बढ़ सके.
फिलहाल, जेडीए भूमि आवंटन और नियमन से जुड़े इस पूरे प्रकरण में उच्च स्तरीय विभागीय जांच जारी है. सरकार का स्पष्ट रुख है कि जब तक इस मामले की विस्तृत और अंतिम रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक उनका निलंबन जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें-: ACB Action: पटवारी ने ली 20000 की रिश्वत, कार में रखा ही था कि पहुंच गई एसीबी टीम